दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार जीत दिलाने वाले स्पिनर कुलदीप यादव ने कहा है कि अब वह मानसिक रूप से मजबूत गेंदबाज बन गए हैं और उन्हें असफलता से डर नहीं लगाता। कुलदीप ने कहा कि इसी कारण अब बह बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं। इस गेंदबाज ने कहा, ‘यह मेरे आईपीएल करियर का सबसे अच्छा सत्र है। इसमें मैं अपनी क्षमता और कौशल पर विश्वास कर रहा हूं और अपने खेल का आनंद ले रहा हूं। कुलदीप ने साथ ही कहा कि राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे साथी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल से उनकी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है और मैं चाहता हूं की उसे सबसे ज्यादा विकेट लेने के लिए पर्पल कैप मिले। इस बार चहल ने भी आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है और वह पर्पल कैप के सबसे बड़े दावेदार बनकर उभरे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे और चहल के बीच में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। उसने मुझे लगातार प्रोत्साहित किया है। वह मेरे बड़े भाई जैसा है और जब मैं चोटिल भी था तब भी उसने मेरा साथ दिया। मैं दिल से चाहता हूं कि वह (चहल) पर्पल कैप जीते क्योंकि पिछले चार वर्षों में उसने बढ़िया गेंदबाजी की है।’’
वहीं दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि बीच के ओवरों में विकेट खोने से उनकी टीम इस मैच में संकट में फंस गयी थी। ऋषभ ने कहा, ‘लगातार विकेट गंवाने के बाद हम चिंता कर रहे थे लेकिन हमें लगा कि अगर हम मैच को आखिर तक लेकर जाएंगे तो हमें जीत मिलेगी।’ उन्होंने कहा, ‘हम अभी अंक तालिका नहीं देख रहे हैं। हमारी नज़र अगले मैच पर हैं। मैं चाहता हूं कि हम अपनी रणनीति पर टिके रहें।’ वहीं केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि किया कि उनकी टीम ने कम स्कोर बनाया था जिसका बचाव करना आसान नहीं था।









































