अर्जेंटीना ने जीता हॉकी वर्ल्ड कप का ओपनिंग मैच:भारत का पहला मुकाबला स्पेन से शाम 7 बजे राउरकेला में, जानें दोनों टीमों की स्ट्रेंथ और रिकॉर्ड्स

0

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है। पहला मुकाबला अर्जेंटीना की टीम ने जीता। अर्जेंटीना ने ओपनिंग मैच में साउथ अफ्रीका को 1-0 से हराया। उसकी ओर से केसिला माइको ने 42वें मिनट में विजयी गोल दागा।

मेजबान भारत अपने अभियान का आगाज शाम 7:00 बजे राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ करेगा। स्टेडियम के बाहर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस स्टोरी में हम भारत-स्पेन हेड टु हेड, वर्ल्ड कप रिकॉर्ड देखेंगे। साथ ही भास्कर एक्सपर्ट राजिंदर सिंह, पूर्व भारतीय कोच से दोनों टीमों के मजबूत और कमजोर पक्ष जानेंगे…

सबसे पहले चलते हैं राउरकेला, जहां ओडिशा सरकार ने इस आयोजन के लिए नया इंटरनेशनल स्टेडियम बनाया है। आइए जान लेते हैं इस स्टेडियम की खासियत…
बिरसा मुंडा स्टेडियम को बनाने में 15 महीने से भी कम का समय लगा। 20 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम के पास 6 प्रैक्टिस टर्फ हैं। इतना ही नहीं, स्टेडियम के अंदर टीमों के ठहरने, जिम, स्पोर्ट्स मेडिसिन जैसी सुविधाएं हैं।

भारत का पलड़ा भारी
भारत-स्पेन के बीच 1948 से हॉकी मैच खेले जा रहे हैं। 1973 तक भारत ने स्पेन को 4 में से 3 मैच हराए और एक ड्रॉ खेला, लेकिन 1973 के बाद स्पेन ने जोरदार वापसी की। 1978 से अब तक खेले गए 26 मैचों में से 10 के परिणाम भारत के पक्ष में रहे हैं। जबकि 11 में स्पेन को जीत मिली है। इस दौरान दोनों टीमों ने 5 मैच ड्रॉ मैच भी खेले हैं।

ओवरऑल बात करें तो इंटरनेशनल मंच पर 30 बार दोनों का आमना-सामना हुआ है। भारत ने 13 और स्पेन ने 11 जीते। 6 मैच ड्रॉ रहे। टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने स्पेन को 3-0 से हराया था। वहीं, नवंबर 2022 में खेला गया आखिरी मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था।

वर्ल्ड कप में स्पेन हावी
हॉकी वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच 6 मैच खेले गए। इनमें से 3 में स्पेन और 2 में भारत जीता है। एक मैच ड्रॉ रहा। दोनों के बीच वर्ल्ड कप में आखिरी मुकाबला 2014 में खेला गया था। जो 1-1 से ड्रॉ रहा था।

आज जीते तो नॉकआउट पक्का
स्पेन पर टीम इंडिया हमेशा से हावी रही है। आज की जीत से हमारे नॉकआउट राउंड में पहुंचने की उम्मीद बढ़ जाएगी। भारत को तीनों मैच जीतकर ग्रुप में टॉप करना चाहिए। इंजरी को ध्यान में रखते हुए भी टीम इंडिया को पूरा टूर्नामेंट खेलना होगा।

भारत: कप्तान हरमन और फॉरवर्ड प्लेयर्स टीम की स्ट्रेंथ है। पेनल्टी कॉर्नर पर फोकस करते हुए टीम को गोल स्कोर करने पर ध्यान देना चाहिए।

स्पेन: नए प्लेयर्स के साथ टीम बनाई है। ऐसे में देखना महत्वपूर्ण होगा कि वो कैसा परफॉर्म करेंगे। पेनल्टी कॉर्नर पर स्कोर करने की क्षमता है। भारत को इससे बचना होगा।

अब एक नजर आज के ग्रुप मैचों पर

भारत को वर्ल्ड कप जीतते देखना चाहते हैं लोग
राउरकेला में भारत-स्पेन मैच से पहले गुरुवार रात को दर्शकों में भारी उत्साह नजर आया। अपने खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करते देखने के लिए कई फैंस स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम के बाहर पहुंचे अनिल कुमार ने बताया वर्ल्ड कप को लेकर हम काफी उत्साहित हैं। टीम इंडिया को सपोर्ट करने के लिए उन्होंने मैच के टिकट खरीद लिए हैं।

वहीं, 10 साल की आबिदी सामंति ने बताया कि वह भारतीय खिलाड़ियों को देखने स्टेडियम पहुंची। वह बोलीं, ‘मैं भारत का मैच देखूंगी और मैं चाहती हूं कि वर्ल्ड कप भी भारत ही जीते।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here