आईपीएल के 16 वें सत्र के लिए अगले माह नीलामी होगी। अभी जो टीमों सामने आयी हैं। उनमें ऑलराउंडरों की कमी दिखी है जिसे ये सभी टीमें पूरा करना चाहेंगी। ऐसे में इस बार नीलामी में ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगेगी। इन खिलाड़ियों को मिल सकती है मोटी रकम।
ऑलराउंडर जेसन होल्डर : वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर गेंदबाजी और बल्लेबाजी में काफी अच्छे हैं और एक मैच विजेता माने जाते हैं। उन्हें आईपीएल का लंबा अनुभव है। उन्होंने आईपीएल में 38 मैच खेलते हुए 24 पारियों में 13.0 की औसत से 247 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान 38 पारियों में 24.02 की औसत से 49 विकेट लिए हैं। ऐसे में सभी टीमें उन्हें खरीदना चाहेंगी।
जेम्स नीशम :
न्यूजीलैंड के जेम्स नीशम की गिनती आक्रामक बल्लेबाजों में होती है। इसके अलावा गेंदबाजी में भी वह विपक्षी टीम की लय बिगाड़ना जानते हैं। उन्होंने आईपीएल में अबतक 14 मैच खेलते हुए 10 पारियों में 10.22 की औसत से 92 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान 13 पारियों में 41.75 की औसत से आठ विकेट लिए हैं।
मोहम्मद नबी :
अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी बल्लेबाजी एक साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने आईपीएल में 17 मैच खेलते हुए 14 पारियों में 15.0 की औसत से 180 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान 17 पारियों में 31.38 की औसत से उन्हें 13 सफलता मिली हैं।
चमिका करुणारत्ने :
श्रीलंकाई ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने ने पिछले कुछ समय में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। इस युवा ऑलराउंडर को पिछले साल केकेआर की टीम ने शामिल किया था पर उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिला था।
डेनियल सैम्स :
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डेनियल सैम्स को बांए हाथ का गेंदबाज होने का लाभ मिलेगा। वहीं दाएं हाथ से बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। सैम्स के पास आईपीएल में कई टीमों की ओर से खेलने का अनुभव है। उन्होंने आईपीएल में 16 मैच खेलते हुए 13 पारियों में 4.89 की औसत से 44 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान 16 पारियों में 37.36 की औसत से 14 विकेट लिए हैं।
क्रिस जॉर्डन :
इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस जॉर्डन का प्रदर्शन हाल में अच्छा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार उन्हें सभी टीमें शामिल करना चाहेंगी। जॉर्डन ने आईपीएल में 28 मैच खेलते हुए 11 पारियों में 9.38 की औसत से 75 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्हें 28 पारियों में 30.85 की औसत से 27 विकेट लिए हैं।










































