अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को एक स्थान का नुकसान हुआ है। बुमराह गेंदबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर खिसक गये हैं। वहीं पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहिद अफरीदी बुमराह को पछाड़कर तीसरे स्थान पर आ गये हैं। शाहीन के 836 रेटिंग अंक है जबकि बुमराह के 828 रेटिंग अंक हैं।
शाहीन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में चार विकेट लिए थे जिसका लाभ उन्हें मिला है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस 891 रेटिंग के साथ शीर्ष पर हैं जबकि भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 842 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गये हैं। दूसरी ओर बल्लेबाजी की बात करें तो पाक कप्तान बाबर आजम श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के कारण करियर के सर्वश्रेष्ठ 874 रेटिंग अंक के साथ ही तीसरे स्थान पर आ गए हैं।
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट 923 अंक के साथ पहले जबकि ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन 885 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
वहीं एकदिवसीय प्रारुप की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ऊपर आये हैं। डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच में 92 रन की नाबाद पारी खेली थी। जिसके कारण वह चौथे पायदान पर आ गए हैं। भारत के विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा की रैंकिंग गिरी है। कोहली 774 रैंकिंग अंक के साथ पांचवें स्थान जबकि रोहित 770 रेटिंग अंक के साथ छठे स्थान पर फिसल गये हैं।










































