इंदौर में शतक बनाने के बाद शुभमन गिल ने अपनी हेयर स्टाइल में बदलाव किया। इसके लिए उन्होंने मुंबई के विशेष हेयर स्टाइलिस्ट की सेवाएं लीं। शुभमन इस समय जबदस्त फार्म में है। गिल ने 97 गेंदों पर 105 रनों की पारी खेली थी। इसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे।शहर में खेले गए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के बाद भारत और आस्ट्रेलिया की टीमें सोमवार दोपहर तीसरे मैच के लिए इंदौर से रवाना हुईं। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को वर्षा से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस पद्धति से पराजित किया था। सोमवार दोपहर को दोनों टीमें राजकोट के लिए रवाना हुईं।
तीसरा वनडे मैच 27 सितंबर को राजकोट में खेला जाएगा। परिणाम के हिसाब से यह मैच अर्थ नहीं रखता क्योंकि भारत ने शुरुआती दोनों वनडे जीतकर सीरीज पर 2-0 से अपराजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में विश्व कप से पहले इस मैच का इस्तेमाल दोनों टीमें अपना संयोजन तलाशने के लिए करेंगी। ऐसे में दोनों टीमों के कई खिलाड़ी राजकोट न जाते हुए अलग-अलग जगह के लिए रवाना हुए। इनमें भारत के पांच क्रिकेटर जबकि आस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ी शामिल हैं।










































