दीपावली के बाद एक बार फिर से नगर निगम व पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के अवैध मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को माधवनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुरा में एक हिस्ट्रीशीटर का मकान तोड़ा गया। बदमाश के स्वजन ने विरोध किया तो महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मकान से निकाला और जेसीबी चला दी। वहीं देवासगेट थाना क्षेत्र के गजानंद कंपाउंड में रहने वाले मादक पदार्थ तस्कर का अवैध मकान तोड़ा गया है।
पुलिस व नगर निगम की टीम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे माधवनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुरा में रहने वाले अर्जुन सुनहरे के अवैध मकान को तोड़ने के लिए पहुंची थी। सुनहरे के खिलाफ छेड़छाड, मारपीट, अवैध हथियार रखने के 16 केस दर्ज है। अर्जुन के परिवार की महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुए घर से बाहर आने से मना कर दिया था। जिस पर महिला टीआइ रेखा वर्मा व अन्य महिला पुलिसकर्मियों ने घर से सभी को बाहर निकाला। निगम कर्मचारियों से सामान बाहर कर जेसीबी से आधे घंटे में ही मकान जमींदोज कर दिया।
तस्कर का भी तोड़ा मकान
पुलिस व निगम ने दूसरी कार्रवाई देवासगेट थाना क्षेत्र के गजानंद कंपाउंड में रहने वाले हेमंत उर्फ बुचा पुत्र सुरेंद्र कुमार के खिलाफ की गई है। हेमंत के खिलाफ मादक पदार्थ बेचने, मारपीट करने, अवैध हथियार रखने, चोरी करने के 16 केस दर्ज है। बुचा फिलहाल जेल में बंद है। उसके स्वजन ने भी कार्रवाई का विरोध किया था। हालांकि पुलिस की सख्ती के कारण मकान से बाहर आ गए थे।