- टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारत-पाकिस्तान मैच विवाद पर पहली प्रतिक्रिया दी है। सूर्या से जब इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैच खेलने से उन्होंने मना किया हम लोगों ने नहीं। हमारी टिकटें बुक हो चुकी हैं और हम दिल्ली के बाद कोलंबो जा रहे हैं। भारत को 15 फरवरी को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी का सामना करना है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम को उसकी सरकार ने मैच में हिस्सा नहीं लेने के लिए कहा है क्योंकि ’सुरक्षा चिंताओं’ के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
- सूर्यकुमार ने यहां टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस मीट के दौरान कहा, ’’मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता लेकिन यह उनका फैसला है। हम एशिया कप में भी खेले थे और हम उनके साथ तीन बार खेले थे।’’ विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है और भारत उसी शाम अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा।
- सूर्यकुमार ने कहा, ’’हमारी सोच काफी स्पष्ट है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है। आईसीसी ने कार्यक्रम तय किया। हमारी फ्लाइट की टिकट बुक हो गई है और हम वहां (कोलंबो) जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले सात फरवरी को खेल रहे हैं और फिर हम वहां जाएंगे।’’
- सूर्यकुमार ने कहा, ’’हमने उनके खिलाफ कुछ अच्छा क्रिकेट खेला है। हमें बताया गया है कि मैच 15 तारीख को है। अगर हमें मौका मिलता है तो हम खेलेंगे। यह उनके (पाकिस्तानी खिलाड़ियों) के लिए भी एक मुश्किल फैसला है।’’ सूर्या यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा ‘ जिस तरह की क्रिकेट हम खेल रहे हैं मुझे लगता है कि उसकी वजह से हम फेवरेट हैं। हमारे अलावा टूर्नामेंट में 19 और टीमें हैं। मुझे फॉर्म में लौटने की खुशी है।








































