घरेलू पेंट कंपनी एशियन पेंट्स ने मंगलवार को जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को अप्रैल-जून के दौरान 570 करोड़ रुपए का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट हुआ है। सालभर पहले जून तिमाही में कंपनी को 218 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। पहली तिमाही में कंपनी की आय 5580 करोड़ रुपए रही, जो सालभर पहले 2925 करोड़ रुपए थी।
एक्सचेंज डेटा के मुताबिक एशियन पेंट्स का एबीटा 484 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ रुपए हो गया। एबीटा मार्जिन भी सालाना आधार पर 16.5% से बढ़कर 21.7% हो गई है।
पेंट बिजनेस का रेवेन्यू 90% से ज्यादा बढ़ा
कंपनी का पेंट बिजनेस रेवेन्यू 90.4% बढ़कर 5,464.7 करोड़ रुपए रही, जो सालभर पहले समान तिमाही में 2,870.6 रही थी। पेंट बिजनेस का एबीट भी 371.6 करोड़ रुपए से बढ़कर 809.1 करोड़ रुपए हो गई। मार्जिन भी 14.8% हो गई है, जो पिछले साल 12.9% रही थी।
सालभर पहले सख्त लॉकडाउन का असर कारोबार पर भी पड़ा
एशियन पेंट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अमित सिंगल ने कहा कि घरेलू डेकोरेटिव बिजनेस अपने वॉल्यूम से दोगुना बढ़ा है और पिछले साल के निचले लेवल की तुलना में शानदार रेवेन्यू दिया। सालभर पहले जून तिमाही में अप्रैल-मई के दौरान देशभर में सख्त लॉकडाउन लगा था। इससे कंपनी का कारोबार पर बुरा असर पड़ा था।
शेयर बाजार में NSE पर एशियन पेंट्स का शेयर 5.4% चढ़कर 3,143.3 रुपए पर कारोबार कर रहा है।









































