कई देशों में बुधवार रात को माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफार्म ट्विटर का सर्वर डाउन हो गया। इस कारण यूजर्स को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वह ट्वीट नहीं कर पा रहे थे, ना ही मैसेज भेज पा रहे थे। नए ट्वीट पोस्ट करने का प्रयास करने वाले कुछ यूजर्स को एक पॉप-अप मिल रहा था, जिसमें लिखा था- आप ट्वीट भेजने की डेली लिमिट पार कर चुके हैं।
इस बीच ट्विटर ने पोस्ट किया- माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफार्म में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई है। हो सकता है कि आप में से कुछ यूजर्स के लिए ट्विटर उम्मीद के मुताबिक काम न कर रहा हो। परेशानी के लिए हमें खेद है। हमे इसके बारे में जानकारी मिली है। इसे ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।
मैसेज तक नहीं भेज पा रहे यूजर्स
CNN के अनुसार, कुछ ट्विटर यूजर्स को एक पॉप-अप मिल रहा था, जिसमें लिखा था- हमें खेद है, हम आपका ट्वीट भेजने में सक्षम नहीं हैं। ट्विटर यूजर्स डायरेक्ट मैसेज भी नहीं भेज पा रहे थे। नए अकाउंट्स को फॉलो करने पर मैसेज मिल रहा था- इस समय आप ज्यादा लोगों को फॉलो करने में असमर्थ हैं। कुछ यूजर्स ने खुलासा किया कि वे सिर्फ ट्विटर के ट्वीट शेड्यूलिंग फंक्शन का उपयोग करके ट्वीट शेयर कर सकते हैं।











































