पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर श्रेय लेने की राजनीति अब गरमाने लगी है। नाली और बॉक्स कल्वर्ट निर्माण की समस्या को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे स्थानीय निवासी नीरज पसीने एवं अन्य लोगों ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में हो रहा नाली निर्माण किसी विधायक या सरपंच के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि जिला प्रशासन और पूर्व केबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, रामकिशोर कावरे के कड़े निर्देशों का परिणाम है। जिसकी जानकारी विश्राम गृह में शनिवार को प्रेसवर्ता आयोजित कर दी गई। चर्चा में नीरज पशीने ने बताया कि नाली की समस्या को लेकर गत दिवस जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत की गई थी। जिसके साथ ही पूर्व केबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया था और इन वरिष्ठ नेताओं ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से चर्चा की। जिसके बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है। साथ ही यह भी बताया कि विधायक व सरपंच दोनों को भली-भांति जानकारी है कि मैं बॉक्स कल्वर्ट और नाली की समस्या के लिए लगातार आवाज उठा रहा हूँ। यदि वे वास्तव में जनहित चाहते, तो यह समस्या पहले ही हल हो जाती और विवाद की स्थिति निर्मित ही नहीं होती। अब काम शुरू होने पर इसका श्रेय लेना पूरी तरह से गलत है। आगे बताया कि नाली निर्माण के लिए अलग से कोई राशि आबंटित नही की गई है। मुख्य सडक़ निर्माण के बजट और कार्ययोजना में ही इस कार्य को जोड़ा जा रहा है इसलिए हमारी मांग है कि निर्माण कार्य की जांच कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करवाये।










































