कोरोना के केस जिस प्रकार से लगातार बढ़ते जा रहे हैं उसे देखते हुए कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं अपने चेंबर में भीड़ न लगाए, जिसका अधिकारी पालन भी कर रहे हैं और चेम्बर में आने वाले लोगों को नसीहत भी दे रहे हैं की बारी-बारी उनके कक्ष में आए। जिला शिक्षा अधिकारी अपने कक्ष में तो इसका पालन करवा रहे हैं लेकिन अपने अधीनस्थ शिक्षकों को इसका पालन करने के लिए निर्देशित नहीं किया गया है, यही कारण है कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेंसिंग का बिल्कुल भी पालन होते हुए नहीं दिख रहा है।
यह स्थिति नगर के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थित सभागार में आयोजित जिला योग प्रशिक्षण कार्यशाला में देखने मिली। यहां शासकीय योग प्रशिक्षण केंद्र भोपाल से योग प्रशिक्षक देवीदयाल भारती पहुंचे थे,, जिनके द्वारा जिले के विभिन्न हायर सेकंडरी और हाईस्कूलो के योग प्रभारियों को बुलाकर योग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ते दिखी। योग प्रभारी जो कि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में ही पदस्थ हैं और उनके द्वारा ही कोरोना जैसी गंभीर बीमारी के समय में भी गंभीरता नहीं बरती गई और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करते हुए सभी लोग पास-पास खड़े दिखाई दिए। यहां तक कि कुछ लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया था, अगर किसी ने मास्क लगाया भी था तो वह चेहरे से नीचे किया हुआ था।
इसके संबंध में चर्चा करने पर शासकीय योग प्रशिक्षण केंद्र भोपाल के योग प्रशिक्षक देवीदयाल भारती ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इस समय योग आयोग का गठन किया गया है जिसका उद्देश्य है जन-जन तक योग पहुंचे, मध्यप्रदेश को योगमय बनाना है। योग का प्रचार प्रसार करने की मंशा से कार्यशाला आयोजित की गई है मध्यप्रदेश में प्रत्येक हायर सेकंडरी और हाईस्कूल में योग क्लब का गठन किया गया है। अभी प्रत्येक जिले में कार्यशाला हो रही है इसके बाद प्रत्येक विकासखंड में कार्यशाला करेंगे तथा उसके बाद प्रत्येक हायर सेकंडरी और हाईस्कूल तक योग को ले जाएंगे। सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शासन की गाइडलाइन का पालन किया गया है सबने मास्क लगाया था, हो सकता है मध्यांतर के समय सब पास पास आ गए हो लेकिन हमारे द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।










































