प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश की पहली सी प्लेन सेवा का केवडिया में शुभारंभ किया। इसी के साथ देश में केवडिया-साबरमती रिवरफ्रंट सी प्लेन सेवा की शुरुआत हो गई। पीएम मोदी ने अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन आज स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर जाकर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वे इसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में उन लोगों पर निशाना साधा, जिन्होंने पुलवामा की घटना पर भी राजनीतिक स्वार्थ ढूंढने की कोशिश की थी।
पीएम मोदी ने सी प्लेन की इस पहली उड़ान में साबरमती रिवरफ्रंट तक का सफर किया। करीब 200 किलोमीटर की दूरी इस सी प्लेन ने 30 मिनट में तय की। साबरमती रिवर फ्रंट पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इससे पहले साल 2017 में पीएम मोदी को गुजरात विधानसभी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सी प्लेन की यात्रा की थी। उन्होंने उस दौरान साबरमती से मेहसाणा के धरोई बांध तक सी प्लेन से सफर किया था।