कार एक्सीडेंट में घायल विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल सकेंगे। फरवरी में होने वाली इस सीरीज के लिए टीम सिलेक्शन कमेटी को पंत का विकल्प खोजना होगा। फिलहाल जो नाम रेस में आगे माने जा रहे हैं, वे हैं… केएस भरत, संजू सैमसन, ईशान किशन और उपेंद्र कुमार।
पंत की फिटनेस को लेकर स्पोर्ट्स मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. रजत जांगिड़ ने शनिवार को कहा कि पंत की रिकवरी में एक साल भी लग सकता है। उन्होंने कहा, “अगर हड्डी की चोट होती तो रिकवर करने में 2-3 महीने और लिगामेंट फटने पर ठीक होने में 6 से 9 महीने लग जाते हैं। कार एक्सीडेंट में ज्यादातर एक या कई लिगामेंट टूटते हैं। इन्हें ठीक होने में कभी-कभी साल भर भी लग जाता है।”
पंत का विकल्प बन सकते हैं चार खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिलेक्शन कमेटी के पास संजू सैमसन, ईशान किशान और केएस भरत और उपेंद्र कुमार विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। भरत और उपेंद्र कुमार भारत ए टीम के सदस्य हैं। ईशान किशन और संजू सैमसन भारत के लिए वनडे और टी-20 में डेब्यू कर चुके हैं। नीचे संभावित दावेदारों के प्रदर्शन का ब्यौरा देख सकते हैं…
- संजू सैमसन ने 11 वनडे मैचों में 66.0 की औसत से 315 रन बनाए हैं। जबकि 16 टी-20 मैचों में उन्होंने 21.14 की औसत से रन बनाए हैं।
- ईशान किशन ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में डबल सेंचुरी मारी थी। उन्होंने 10 वनडे मैचों में 53 की औसत से 426 रन बनाए हैं। वहीं 21 टी-20 मैचों में उनका रन रेट 29.45 है।
- केएस भरत और उपेंद्र कुमार को टेस्ट स्पेशलिस्ट माना जाता है। हालांकि, दोनों अभी डेब्यू नहीं कर पाए हैं। भरत ने 84 फर्स्ट क्लास मैचों में 37.46 की औसत से 4533 रन बनाए हैं। वहीं उपेंद्र कुमार यादव ने 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 44.83 की औसत से 1390 रन बनाए हैं।










































