बब्बर सेना प्रमुख, लोधी महासभा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य डाली दमाहे हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्वसमाज के द्वारा १२ मार्च को लालबर्रा बंद का आव्हान किया गया था जो पूर्णत: सफल रहा एवं अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान पूर्णत: बंद रहे और लालबर्रा के दुकानदारों ने भी सर्वसमाज के इस बंद को अपना प्रतिष्ठान बंद रखकर समर्थन दिया।
बंद के दौरान मुख्यालय के बस स्टैण्ड व सहित अन्य चौक-चौराहों में पुलिस सुबह से ही मुस्तैद रही। १२ मार्च की सुबह बाईक रैली निकालकर सर्वसमाज के द्वारा नगर भ्रमण किया एवं लोधी महासभा के जिला उपाध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डाली दमाहे हत्याकांड में विश्व हिन्दु परिषद के प्रांत मंत्री ललित पारधी को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार करने एवं ३ मार्च की रात्रि में कोसमी में हुए विवाद में ६ नामजद एवं १५० अन्य लोगों पर बलवा व विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है उसे वापस लिये जाने की मांग की है।
मांगे १९ मार्च तक पूर्ण नही होने पर आगामी २० मार्च को भव्य आंदोलन करने की चेतावनी शासन-प्रशासन को दी है।
इस तरह शनिवार को दोपहर २ बजे तक नगर मुख्यालय व समीपस्थ ग्राम में बंद का असर देखा गया जिसके बाद लोगों ने अपने इच्छानुसार अपने-अपने प्रतिष्ठान खोलना शुरू किया।








































