लालबर्रा थानांतर्गत आने वाले ग्राम उदासीटोला के आगे टेंगनीकला पहुंच मार्ग पर चौपहिया वाहन की जबरदस्त टक्कर से बाईक में सवार एक युवक की मौत हो चुकी है एवं बाईक में सवार ११ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका लालबर्रा अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। बताया जा रहा है कि जाम निवासी २० वर्षीय अमित बाहेश्वर सोमवार को करीब दोपहर १ बजे मोटरसाइकिल से ११ वर्षीय यश मात्रे के साथ लालबर्रा की ओर उपचार करवाने आ रहे थे। वहीं जाम की ओर से दुध का चौपहिया वाहन लालबर्रा की ओर आ रहा था। तभी उदासीटोला एवं टेंगनीकला पहुंच मार्ग के बीच स्थित सडक़ की मोड़ाई में चौपहिया वाहन चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए पीछे से बाईक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे बाईक में सवार दोनों युवक घायल हो गये। जिसके बाद उन्हे तत्काल लालबर्रा अस्पताल लाया गया जहां २० वर्षीय अमित बाहेश्वर को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है। पुलिस ने चौपहिया वाहन को जप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








































