- राजस्थान में जयपुर के जामड़ोली क्षेत्र में कर्ज और सूदखोरों से परेशान एक परिवार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति-पत्नी और उनके दो बेटों के शव घर में मिले हैं। आर्थिंक तंगी से परेशान परिवार को सूदखोर भी लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शनिवार सुबह 10 बजे तक परिवार का कोई सदस्य घर के बाहर नजर नहीं आया तो पड़ोसियों को चिंता हुई। वे कारण जानने घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद खिड़की से देखा तो सभी फंदे से लटके हुए थे।पुलिस के मुताबिक पिता और दोनों बेटे एक कमरे में और ममता दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी मिली। ममता की आंख पर पट्टी बंधी हुई थी। दोनों बेटों के पैर भी बंधे हुए थे। आसपास के लोगों का कहना है कि शुक्रवार रात को कुछ लोग घर आए थे और लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार जामड़ोली में राधिका विहार निवासी 45 वर्षीय यशवंत सोनी, उनकी पत्नी 41 वर्षीय ममता, दोनों बेटों 21 वर्षीय अजीत और 20 वर्षीय भारत ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।यशवंत सोनी की जयपुर और अलवर में ज्वलैरी की दुकान है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यशवंत सोनी ने ब्याज पर कुछ लोगों से पैसे ले रखे थे। वे लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इससे परेशान होकर परिवार के सभी सदस्यों ने फांसी लगा ली।