जिला पंचायत सीईओ ने जारी किया अतिरिक्त समय तक कार्य करने का फरमान दबी जुबान में कर्मचारी कर रहे फरमान का विरोध

0

बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। जनपद और जिला पंचायत के अंतर्गत कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों के लिए एक नया आदेश जारी किया गया है। जिसमें उन्हें अपने मूल कार्य और कार्यालयीन समय के अलावा शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक अतिरिक्त कार्य करने को कहा गया है मतलब साफ है कि जनपद और जिला पंचायत के अधीनस्थ का आने वाले अधिकारी कर्मचारी सुबह 10 बजे से शाम 6बजे तक अपना मूल कार्य करेंगे वही शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने कार्यों का हिसाब देना होगा। जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार द्वारा जारी किया गया यह आदेश अब कर्मचारियों के गले से नीचे नहीं उतर रहा है जिन्होंने दबी जुबान में जारी इस आदेश का विरोध करना शुरू कर दिया है।जारी किए गए इस आदेश से जनपद व जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाले अधिकारी कर्मचारी जहां एक ओर हैरान और परेशान है तो वहीं उन्हें मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है जिन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया लेकिन जारी किए गए इस आदेश का अंदर ही अंदर जमकर विरोध हो रहा है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कर्मचारियों द्वारा इस आदेश का दबी जुबान में विरोध किया जा रहा है जिन्होंने पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शनिवार को एक बैठक का आयोजन कर जारी किए गए इस फरमान का खुलकर विरोध करने का मन बनाया है बहरहाल अब देखना यह दिलचस्प रहेगा कि जारी किए गए इस आदेश से प्रभावित होने वाले लगभग 3 हजार कर्मचारी, सर झुकाकर इस फरमान का पालन करते हैं या फिर सडक़ों पर उतरकर जारी किए गए इस फरमान की धज्जियां उड़ाते हैं।
लगभग 3 हजार कर्मचारी होंगे प्रभावित
प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी किए गए इस आदेश में सोमवार बुधवार और शुक्रवार को शाम 6बजे से रात्रि 8बजे तक बैहर,बिरसा,परसवाड़ा, बालाघाट और लालबर्रा जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अपना अपना हिसाब देंगे तो। वही मंगलवार गुरुवार और शनिवार को शाम 6 से रात्रि 8 बजे तक लांजी,किरनापुर ,वारासिवनी, खैरलांजी और कटंगी जनपद पंचायत के कर्मचारी योजनाओं के क्रियान्वयन का लेखा जोखा प्रस्तुत करेंगे। जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार द्वारा जारी किए गए इस आदेश से सभी पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक, प्रधानमंत्री आवास ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, निर्माण शाखा के सहायक यंत्री, उपयंत्री तमाम एडीओ, पीसीओ सहित जिले भर के लगभग 3 हजार कर्मचारी प्रभावित होंगे।जो सुबह10 से शाम 6 बजे तक अपना मूल काम करने के बाद पुन: शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुडक़र योजनाओं के क्रियान्वयन का हिसाब किताब पेश करेंगे।
महिला अधिकारी कर्मचारी सबसे ज्यादा परेशान           
जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी किए गए इस आदेश से सबसे ज्यादा दूरदराज से आने वाले और महिला अधिकारी और कर्मचारी परेशान है क्योंकि रात 8 बजे तक आयोजित की जाने वाली यह बैठक संभवत 9 या10 बजे तक चल सकती है ऐसे में दूरदराज आने वाले कर्मचारियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है वही उन्हें जंगल के रास्ते ,नक्सलाइट बेल्ट से देर रात आवागमन करने से जानमाल की हानि होने की आशंका बनी रहेगी। महिला कर्मचारी भी इतनी देर तक काम करने में सक्षम नहीं हो पाएंगी वही उन्हें घर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा जहा देर रात होने पर कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। जिसको लेकर जारी किए गए इस फरमान से अधिकारी कर्मचारी काफी नाराज हैं।
तो सुबह 9 से रात 9 बजे तक करना पड़ेगा काम
नाम न बताने की शर्त पर कर्मचारियों ने बताया कि जिला व जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले अधिकारी कर्मचारियों को जबरन परेशान करने का काम किया जा रहा है कभी-कभी साहब सुबह 9 बजे से ही बैठक बुला लेते हैं ऐसे में कर्मचारियों को सुबह 8बजे तो, दूरांचल में रहने वाले कर्मचारियों को सुबह 7बजे अपने घर से निकलना पड़ता है सुबह 9 बजे की बैठक के बाद 10 बजे से कर्मचारी शाम 6 बजे तक काम करते रहते हैं ऐसे में अब शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक किसी की बैठक के आदेश जारी किए गए हैं जो रात्रि 9 बजे तक चल सकती है ऐसे में कई कर्मचारी सुबह 9बजे से रात्रि 9 बजे तक काम करते रहेंगे और उन्हें 12 घंटे तक काम करना पड़ेगा।
शाम 6 के बाद काम नही लेना चाहिए-पूरनलाल ठाकरे
इस पूरे मामले के संदर्भ में की गई चर्चा के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष पूरनलाल ठाकरे ने बताया कि हमें जानकारी मिल रही है कि फील्डवर्क कर्मचारियों के लिए नए आदेश दिए गए है।वही जानकारी मिली है कर्मचारियों की सुबह 9 बजे ही सीईओ बैठक ले लेते हैं वहीं शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक बैठक लेने के आदेश मिले हैं शासन के आदेशों का पालन करना जरूरी है लेकिन हमें कर्मचारियों का भी ध्यान रखना चाहिए अगर कोई कर्मचारी पाद्रीगंज से आता है और शाम को बैठक रात 9 बजे तक चलती है तो फिर वह कर्मचारी घर कब जाएगा जंगल वाला रास्ता है नक्सलाइट बेल्ट है उसे जान माल का खतरा हो सकता है ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा जरूरी है इस पर समय सीमा का ध्यान रखा जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि हमारे जिले की भौगोलिक परिस्थिति 100 किमी दूर तक फैली हुई है हमारे यहां अधिकतर कर्मचारी महिलाएं हैं उन्हें इस आदेश का पालन करने में काफी परेशानियां होंगी वहीं उनके रात्रि में घर जाने पर उनके साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है हमारी मांग है कि कर्मचारियों से शाम 6 बजे के बाद काम नहीं लेना चाहिए।
इस आदेश से जनता को फायदा मिलेगा-विवेक कुमार
वही मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार ने बताया कभी-कभी सुबह 9 बजे अधिकारियों कर्मचारियों की बैठक बुलाई जाती है जो 15 से 20 मिनट में ही समाप्त हो जाती है सुबह की बैठक इसलिए होती है कि अधिकारी कर्मचारी फील्ड पर ज्यादा काम करें इससे जनता को लाभ होगा वही शम की बैठक का उद्देश्य है कि आज जो हमने काम किया है उसकी समीक्षा की जा सके कुछ ऐसे कार्य हैं जिसके पैरामीटर में हम काफी पीछे हैं जिसे जल्द से जल्द पूरा करना है इसी को लेकर कार्य में गति लाने के लिए बैठक रखी गई है इससे हितग्राहियों को फायदा होगा यह समीक्षा बैठक रेगुलर नहीं है अधिकारी कर्मचारी केवल उतना ही काम करते हैं जितना देर मैं काम करता हूं उन्होंने बताया कि उनकी कोशिश रहेगी कि महिला कर्मचारियों को इसमें कोई दिक्कत ना आए पहले महिला कर्मचारियों की वीसी ली जाएगी उसके बाद ही पुरुष कर्मचारियों की वीसी होगी यह आदेश फिलहाल 1सप्ताह के लिए दिए गए हैं यदि 1 सप्ताह बाद आवश्यकता नहीं पड़ेगी तो आदेश रद्द कर दिए जाएंगे।वहीं आवश्यकता पडऩे पर इस आदेश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here