देश में पैकेज्ड वाटर बेचने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल में हिस्सेदारी खरीदकर टाटा ग्रुप एफएमसीजी कारोबार में प्रवेश करने की योजना बना रही है। इस मामले से जुड़े तीन अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। टाटा ग्रुप इस समय बिसलेरी में हिस्सेदारी खरीदने की योजना बना रही है जिसे धीरे धीरे बढ़ाया जा सकता है। टाटा ग्रुप पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के कारोबार को लेकर बहुत गंभीर है। बिसलेरी इंटरनेशनल में हिस्सेदारी खरीदकर टाटा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कारोबार में पांव जमा सकती है। देशभर में खुदरा दुकान चैनल, संस्थागत चैनल, होटल, रेस्टोरेंट और एयरपोर्ट आदि पर बिसलेरी का नेटवर्क पहले से मौजूद है। बल्क वाटर डिलीवरी के अलावा बिसलेरी मिनरल वाटर इन सभी चैनल पर मजबूत स्थिति में है। टाटा ग्रुप के टाटा कंज्यूमर बिजनेस कारोबार ने बिसलेरी में रणनीतिक अधिग्रहण की योजना बनाई है। इस समय टाटा कंज्यूमर टेटली टी, एट ओ क्लॉक कॉफी, सोलफुल सेरेल्स, नमक और तेल बेचने के अलावा स्टारबक्स कैफे भी चलाती है।










































