जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टेंगनीखुर्द के ग्रामीणों ने रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन पर रूपये लेकर प्रधानमंत्री आवास सहित शासन की अन्य योजनाओं का लाभ दिलवाये जाने का आरोप लगाते हुए
बुधवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओं विवेक कुमार, जनपद पंचायत लालबर्रा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रूपेश इवने को ज्ञापन सौंपकर पंचायत में पदस्थ रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन को पद से हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि टेंगनीखुर्द में पदस्थ रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन के द्वारा पात्र हितग्राहियों को पीएम आवास योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ न दिलवाकर अपने रिश्तेदारों व करीबियों को लाभ दिलवाया गया है जबकि उनके रिश्तेदार शासकीय कर्मचारी है एवं उनके खाते से राशि भी आहरण कर ली गई है और गरीब हितग्राही पीएम आवास का मकान स्वीकृत करवाने व अन्य शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने की मांग करते है तो ग्रामीणजनों से रूपये देने की मांग करता है एवं बहुत से ग्रामीणजनों ने १५०० से २००० रूपये भी रोजगार सहायक को दिये है परन्तु लाभ तक नही मिला है जिससे ग्रामीणजनों में आक्रोश व्याप्त है। आगे बताया कि ग्राम पंचायत में बहुत से ऐसे हितग्राही है जिनके खातों में पीएम आवास योजना की प्रथम, द्वितीय किस्त की राशि आ चुकी है परन्तु रोजगार सहायक की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य भी प्रारंभ नही हो पाया है और नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती अनिता राणा के द्वारा १६, १७ अगस्त को ग्राम सभा ली गई थी इस दौरान रोजगार सहायक ने किसी बात को लेकर अपने पद से त्याग पद देने की बात कहकर चले गया जिसके बाद से कार्य नही कर रहा है जिसके कारण ग्रामीणजनों को परेशानी हो रही है इसलिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ऐसे भ्रष्ट रोजगार सहायक को हटाने की मांग की है।
त्याग पत्र देने के बाद पुन: पंचायत में कार्य कर रहा रोजगार सहायक
ग्राम पंचायत टेंगनीखुर्द में १६ व १७ अगस्त को ग्राम सभा आयोजित की गई थी जिस पर ग्रामीणजनों ने रोजगार सहायक की शिकायत सरपंच, उपस्थित पंचों व अधिकारियों की थी साथ ही पीएम आवास व अन्य जानकारी मांगी गई तो उसने नही दिया और इसी दौरान रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन के द्वारा पंचायत में कार्य नही करना चाहता हूं कहकर त्याग पत्र देने की बात कही गई थी। जिसकी सूचना सरपंच श्रीमती अनिता राणा के द्वारा जनपद पंचायत लालबर्रा के एपीओं श्री इवने दी गई और दोनों ने रोजगार सहायक को समझाईश दी की त्याग पत्र न दे परन्तु उन्होने त्याग पत्र दे दिया था। जिसके बाद से वह पंचायत नही आ रहा था जिससे पंचायत के पीएम आवास सहित अन्य कार्य प्रभावित भी हो गये थे जिससे ग्रामीणजनों को परेशानी भी हो रही थी। ग्रामीणजनों ने गत दिवस कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओं से शिकायत की थी कि रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन के द्वारा रूपये लेकर भी लाभ नही दिलवाया जा रहा है एवं विगत १६ अगस्त से पंचायत में भी नही आ रहा है ऐसे कर्मचारी को हटाने की मांग की थी। अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बाद गत ४ दिनों से रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन पंचायत में आकर कार्य रहा है परन्तु ग्रामीणजनों की मांग है कि प्रफुल्ल बिसेन को हटाकर दुसरे रोजगार सहायक की पदस्थापना की जाये।
चर्चा में ग्राम पंचायत टेंगनीखुर्द सरपंच श्रीमती अनिता राणा ने बताया कि रोजगार सहायक पंचायत में अपनी सेवाएं नही दे रहा है और १६ अगस्त को ग्रामसभा आयोजित की गई थी इस दौरान उससे पंचों व उपस्थितजनों ने पीएम आवास की सूची व अन्य जानकारी मांगी गई तो उन्होने कोई जानकारी नही दी और हितग्राहियों ने उस पर रूपये लेने का आरोप भी लगाया इसी दौरान रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन के द्वारा त्याग पत्र देने की बात कहकर चले गया और सचिव को त्याग पत्र दे रहा था जिन्होने कहा कि सीईओं को दे उसके बाद उसने अपना त्याग पत्र गु्रप में डाल दिया और पंचायत नही आ रहा है जिससे पंचायत के सभी कार्य प्रभावित हो रहे है। श्रीमती राणा ने बताया कि गत दिवस ग्रामीणजनों के साथ रोजगार सहायक की शिकायत कर उसे हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओं व जनपद पंचायत में की है परन्तु अब तक कोई कार्यवाही नही की गई है और शिकायत करने के बाद गत ४ दिनों से पंचायत आ रहा है परन्तु पूरा समय नही दे रहा है इसलिए हमारी मांग है कि जो पंचायत में समय नही दे सकता ऐसे रोजगार सहायक का स्थानांतरण कर दुसरे रोजगार सहायक भेजा जाये ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का सुचारू रूप से संचालन हो सके और लोगों को लाभ मिल सके।
दूरभाष पर चर्चा में जनपद पंचायत लालबर्रा के सीईओं गायत्रीकुमार सारथी ने बताया कि टेंगनीखुर्द के रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन के द्वारा ग्रामीणजनों से रूपये लेकर शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने की शिकायत मिली है जिसकी जांच कर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
दूरभाष पर रोजगार सहायक प्रफुल्ल बिसेन से उस पर ग्रामीणों के द्वारा लगाये गये आरोप के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया परन्तु संपर्क नही हो पाया।










































