डबल मनी मामले के आरोपी हेमराज आमाडारे के घर के बाहर लगी लोगों की भीड़

0

लांजी क्षेत्र के बहुचर्चित डबल मनी मामले में रोज कुछ ना कुछ नया देखने को मिल रहा है एवं लगातार कुछ ना घटनाएं घटित हो रही है। बीते दिनों राजनांदगांव में डबल मनी मामले से जुड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसके बाद इसी कड़ी में 13 सितंबर को बोलेगांव में हेमराज आमाडारे के घर पर कुछ लोग रुककर चैक की फोटो कॉपी जमा कर रहे थे । जिसकी सूचना मिलते ही दोपहर में हेमराज आमाडारे के घर के बाहर भीड़ लगने लगी। लोगों को यही पता चला कि कुछ लोग बालाघाट से आए हैं, जिन्होंने हेमराज आमाडारे को अभिरक्षा और सुरक्षा देने की बात कहते हुए लोगों से कहा कि आप अपने चेक की फोटो कॉपी यहां जमा करवा दीजिए। जल्दी ही आपकी मैच्योरिटी का पैसा मिल जाएगा। बहुचर्चित डबल मनी मामले में आरोपी हेमराज आमाडारे का घर बोलेगांव में हायर सेकेंडरी स्कूल के समीप है, जहां पर 2 दिनों से कुछ लोगों के उपस्थित होने की जानकारी ग्राम वासियों को मिल रही थी। इस दौरान 13 सितंबर को अचानक लोगों में जन चर्चा चली कि हेमराज आमाडारे के घर कुछ लोग पहुंचे हुए हैं जो चैक की फोटो कॉपी जमा करवा कर पैसा वापस देने की बात कर रहे हैं। इस बात को लेकर क्षेत्र में हलचल सी मच गई। आसपास के गांव के लोग भी बोलेगांव पहुंच गए और वहां काफी भीड़ जमा हो गई। इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस के आला अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। जिस पर तत्परता दिखाते हुए लांजी पुलिस ने बोलेगांव पहुंच कर इस मामले से जुड़े हुए लोगों को थाने में उठा कर ला लिया। जिसके बाद लांजी थाने के सामने सुभाष चौक में जमकर भीड़ जमा होने लगी। हर किसी के मन में संशय हो रहा था कि यह मामला क्या है जैसे ही लोगों को पता चला कि मामला डबल मनी का है तो भीड़ और अधिक बढ़ गई। लांजी पुलिस ने थाने के सामने जमा भीड़ से कहा कि आपकी जो भी शिकायत है लिखित में लेकर आए, जो भी चैक है उनकी फोटो कापी दे, ऐसी भीड़ करने से कुछ नहीं होगा।
लांजी पुलिस द्वारा भीड़ को तितर-बितर किया गया और थाने के बाहर से लोगों को हटाया गया। इस बीच बालाघाट से आई पुलिस द्वारा बोलेगांव से उठाकर लाये लोगों को लेकर चले गई। इसके बाद पुलिस थाने के सामने जमा भीड़ भी चले गई। बहरहाल मामला चाहे जो भी हो लेकिन हर दिन लांजी के भीतर लोगों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि उनका पैसा मिलेगा या नहीं। 13 सितंबर को बोलेगांव से लेकर लांजी के बीच हुआ घटना क्रम एवं एकत्रित भीड़ इसी का परिणाम है। हालांकि इस संबंध में पुलिस के आला अफसरों द्वारा और लांजी पुलिस के द्वारा किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here