बालाघाट/ कटंगी वन परिक्षेत्र में आने वाले ग्राम बीसापुर में तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। 25 फरवरी की रात 8:30 बजे करीब यह घटना उस समय हुई जब यह व्यक्ति खाना खाने के बाद अपने घर के सामने टहल रहा था। घायल व्यक्ति दिनेश पिता दिलीप उइके के 28 वर्ष को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस घटना के बाद इस ग्राम बीसापुर में दहशत का वातावरण निर्मित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश अपने परिवार के साथ खेती किसानी करता है। 25 फरवरी की रात्रि 8:30 बजे करीब दिनेश घर में खाना खाने के बाद आंगन में टहल रहा था इस समय अचानक बस्ती में वन्य प्राणी तेंदुआ पहुंचा और दिनेश पर हमला कर दिया।
तेंदुए ने दिनेश के सिर पर पंजे से वार किया और जबड़े से उसके दाहिने हाथ की कलाई पकड़ ली। अचानक हुए हमले से दिनेश ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर उसका भाई पवन सिंह तुरंत मौके पर पहुंचा और शोर मचाया। हल्ला-गुल्ला सुनते ही तेंदुआ मौके से भाग गया। इसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। तेंदुआ की हमले में घायल दिनेश को 108 एंबुलेंस से कटंगी के अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया है दिनेश का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।










































