अमेरिका समेत पूरी दुनिया के लिए आतंक का पर्याय बना गए अलकायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी को अमेरिका ने अंतत: खत्म कर ही दिया। अमेरिका ने उसे अफगानिस्तान में ढूंढकर ड्रोन धमाके में मार गिराया। जवाहिरी ने भारत को भी कई बार धमकी दी थी। अफगानिस्तान के काबुल में बैठकर वह भारत समेत दुनिया के कई मुल्कों को धमकी देता था। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने को मुसलमानों के मुंह पर तमाचा बताया था। अलकायदा ने हाल के दिनों में भारत को लेकर कई धमकियां दी थी। इन सबके पीछे जवाहिरी का ही हाथ था। नूपुर शर्मा के पैगंबर बयान के बाद इस आतंकी संगठन ने भारत में बड़े हमले की धमकी दी थी। 25 लाख डॉलर की इनामी राशि वाला आतंकी जवाहिरी के ढेर होने पर पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है। ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान के एबटाबाद में मारे जाने के बाद जवाहिरी ने इस आतंकी संगठन का सरगना बना था। पिछले कुछ वर्षों में इसके मारे जाने की कई खबरें सामने आई थी। अलकायदा ने हाल ही में यह भी धमकी दी थी कि वह पैगंबर के खिलाफ बोलने वाले हर शख्स की हत्या कर देगा। जवाहिरी की गाहे-बगाहे कुछ वीडियो हाल के दिनों में सामने आए थे। दुनिया का यह दुर्दांत आतंकवादी अपने संगठन के जरिए दुनिया में आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।
जवाहिरी ने कश्मीर पर एक और वीडियो संदेश जारी किया था। इस वीडियो में उसने कहा था कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 का हटना मुसलमानों के मुंह पर तमाचा है। जवाहिरी ने इससे पहले कर्नाटक हिजाब विवाद को लेकर भी बयान जारी किया था। जवाहिरी ने कर्नाटक हिजाब विवाद को लेकर जहर उगला था। हिजाब बैन को उत्पीड़न बताते हुए जवाहिरी ने भारतीय मुस्लिमों को इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए उकसाया था। जवाहिरी ने 9 मिनट का वीडियो जारी कर्नाटक की छात्रा मुस्कान खान की तारीफ की है जिसने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वाली भीड़ के आगे ‘अल्लाहु अकबर’ चिल्लाया था। जवाहिरी ने मुस्कान की तारीफ में कविता भी पढ़ी थी। अलकायदा ने हिंदुओं को ही आतंकी करार दे दिया था और दावा किया था कि उन्होंने भारतीय जमीन पर कब्जा कर रखा है। अलकायदा ने चेतावनी दी कि हिंदुओं को उनकी सेना भी बचा नहीं पाएगी। अलकायदा ने दावा किया और उपमहाद्वीप के लोगों को याद दिलाया कि उनके पैगंबर ने पहले ही गजवा-ए-हिंद के बारे में बताया था और भविष्यवाणी की थी कि इस जंग में मुसलमानों की जीत होगी। संयुक्त राष्ट्र ने अपनी ताजा रिपोर्ट में चेतावनी दी थी कि इस आतंकी संगठन ने अपनी मैगजीन का नाम ‘नवा-ए-अफगान जिहाज’ से बदलकर नवा-ए-गजवा-ए-हिंद कर दिया है। ऐसी परिस्थिति में यह आतंकी गुट भारत में अपनी सक्रियता बढ़ाने जा रहा है। एक्यूआईएस अपना ध्यान एक बार फिर अफगानिस्तान से कश्मीर की ओर केंद्रित कर रहा है। अमेरिका में 9/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल अलकायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी को ड्रोन हमले से ढेर कर दिया। अमेरिका इस आतंकवादी को पिछले 22 सालों से पूरी दुनिया में ढूंढ रहा था। अफगानिस्तान में सुबह सवा 6 बजे अलकायदा सरगना को ढेर कर दिया गया।










































