श्रीलंका ने गुरुवार देर रात दूसरे टी-20 मैच में भारत को हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। 20वें ओवर तक मैच में रोमांच बना रहा। दोनों टीमें मैच को अपने पाले में करने के लिए लड़ाई लड़ती रहीं। शुरुआत में यह मैच पूरी तरह श्रीलंकाई खिलाड़ियों के कब्जे में रहा। क्योंकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीन बल्लेबाज 21 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। 57 रन पर पांच विकेट गिर चुके थे।
सूर्या और अक्षर पटेल ने छठवें विकेट के लिए 40 गेंद पर 91 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। लेकिन अंतिम ओवर में अक्षर का विकेट गिरते ही भारत के हाथ से यह मैच निकल गया और भारत 16 रन से मैच हार गया। इस मैच में भारत ने 7 नो बॉल फेंकी और। इन पर 28 रन दिए। 2 छक्के भी खाए। आइए मैच के टॉप-5 मोमेंट्स को रिविजिट करते हैं…
1. अर्शदीप तीन लगातार नो बॉल फेंकने वाले पहले भारतीय बने: अर्शदीप सिंह ने 2 ओवर में 37 रन दिए। उन्होंने कुल 5 नो बॉल फेंकीं। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही तीन लगातार नो बॉल फेंकी और 19 रन दिए। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय बन गए हैं।
इस दौरान हार्दिक परेशान से दिखे। उन्होंने अर्शदीप को फिर गेंद नहीं थमाई। बाद में 19वें ओवर गेंद दी, लेकिन इस ओवर में भी अर्शदीप महंगे साबित हुए। उन्होंने दो नो बॉल फेंकने के साथ इस ओवर में 18 रन दिए। यह देख पंड्या ने सिर पकड़ लिया। मैच के बाद पंड्या ने साफ शब्दों में अर्शदीप को हिदायत देते हुए कहा कि नो बॉल फेंकना अपराध है। इसे माफ नहीं किया जा सकता है।
2. मेंडिस ने पंड्या का फ्लाइंग कैच पकड़ा: श्रीलंका के विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने हार्दिक पंड्या का शानदार कैच पकड़ा। पांचवें ओवर की चौथी बॉल चमिका करुणारत्ने ने ऑफ साइड पर गुड लेंथ डाली। पंड्या ऑन ड्राइव खेलने गए, लेकिन, बॉल उनके बैट का बाहरी किनारा लेकर कीपर के पास चली गई। जहां विकेट के पीछे मेंडिस ने दाएं तरफ हवा में शानदार डाइव मारकर कैच पकड़ लिया। पंड्या 12 बॉल में 12 रन बनाकर आउट हुए।










































