- Aditya Dhar Upcoming Movies: फिल्ममेकर आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर मोटी कमाई कर ली है। आदित्य धर की मूवी में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे एक्टर्स धमाल मचा रहे हैं। आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 ने दुनियाभर में 1500 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। अब धुरंधर 2 के बाद सभी की नजरें आदित्य धर की अपकमिंग फिल्मों पर टिकी हुई है। ये खबर सामने आई है कि आदित्य धर इन 3 आइडियाज पर काम करने वाले हैं।
आदित्य धर की अपकमिंग फिल्में
धुरंधर फ्रैंचाइजी की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब सभी की नजरें डायरेक्टर आदित्य धर के अगले प्रोजेक्ट पर टिकी हुई हैं। आदित्य धर ने अभी तक अपनी नई फिल्म की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन वैरायटी इंडिया को इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि आदित्य तीन अलग-अलग स्क्रिप्ट्स पर विचार कर रहे हैं। इनमें ‘द इमॉर्टल अश्वत्थामा’ नाम की हाई-स्केल माइथोलॉजिकल एपिक, एक ऐतिहासिक महाकाव्य और एक बड़ा स्पोर्ट्स ड्रामा शामिल है। सूत्रों का कहना है कि द इमॉर्टल अश्वत्थामा आदित्य धर का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। पहले यह प्रोजेक्ट महंगे होने के कारण शेल्व हो गया था, लेकिन अब धुरंधर की सफलता के बाद वे इसे फिर से शुरू करने के बारे में सोच रहे हैं।
चंद्रगुप्त मौर्य पर बनाएंगे फिल्म
आदित्य धर चंद्रगुप्त मौर्य के काल पर आधारित एक फिल्म के बारे में भी सोच रहे है। आदित्य धर और रणवीर सिंह पिछले साल से इस प्रोजेक्ट पर चर्चा कर रहे हैं। तीसरा प्रोजेक्ट एक हाई-स्केल स्पोर्ट्स ड्रामा है, हालांकि इसकी डिटेल्स अभी साफ नहीं हैं। सूत्रों ने बताया कि धुरंधर 2 के बाद आदित्य धर कुछ समय ब्रेक लेना चाहते हैं। तीन साल लगातार एक फिल्म पर काम करने के बाद उन्हें आराम की जरूरत है।
धुरंधर 2 की कमाई
बताते चलें कि आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 भारत में 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की राह पर है। फिल्म पहले ही अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। वहीं दुनिया भर में धुरंधर 2 ने 1500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।








































