नई दिल्ली । केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में 2021 की तुलना में इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने राष्ट्रीय राजधानी को गैस चेंबर में तब्दील कर दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने ही निर्वाचन क्षेत्र संगरूर में किसानों को राहत देने में विफल रहे हैं। संगरूर में पिछले वर्ष 15 सितंबर से दो नवंबर के दौरान पराली जलाने की 1,266 घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन इस बार इसमें 139 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह संख्या बढ़कर 3,025 हो गयी है। भूपेंद्र यादव ने कई ट्वीट कर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की आलोचना की। उन्होंने ट्वीट किया, घोटाला वहीं है जहां आम आदमी पार्टी है। पिछले पांच वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के लिए 1,347 करोड़ रुपए दिए। राज्य ने 1,20,000 मशीनें खरीदीं। इनमें से 11,275 मशीनें गायब हो गई हैं। धन का उपयोग स्पष्ट अक्षमता दर्शाता है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जहां पराली जलाने की घटनाओं में 19 प्रतिशत का इजाफा हुआ है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित हरियाणा में इसमें 30.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि आज ही पंजाब में पराली जलाने की 3,634 घटनाएं हुईं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि दिल्ली को गैस चेंबर में किसने बदला है।










































