24 अगस्त से श्वेतांबर जैन समाज के पर्वाधिराज पर्यूषण पर्व प्रारंभ होने जा रहा है। जो आगामी 31 अगस्त तक चलेगा। जबकि 31 अगस्त से ही दिगंबर जैन समाज के पर्यूषण पर्व का शुभारंभ होगा और वह 9 सितंबर तक चलेगा।
पर्वाधिराज पर्यूषण पर्व पर साफ-सफाई, पेयजल और लाईट व्यवस्था सहित पर्यूषण पर्व के प्रारंभ और समापन पर शहर में मांस की दुकानें बंद करने के शासन के निर्देश के तहत जैन समाज के श्वेतांबर और दिगंबर जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने 23 अगस्त को नगरपालिका में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीतसिंह ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, पार्षद समीर जायसवाल, कमलेश पांचे, श्रीमती श्वेता जैन,उज्जवल आमाडारे,राजेन्द्र उर्फ राज हरिनखेड़े उपस्थित थे।
यहां श्वेतांबर और दिगंबर जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल में श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष अजय लूनिया, दिगंबर जैन पंचायत अध्यक्ष सुशील जैन, ट्रस्ट उपाध्यक्ष ज्ञानचंद कांकरिया, गौरव सिंगी, निर्मल बोथरा, राजकुमार जैन, सौरभ जैन, सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जहां उन्होंने नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया और 24 अगस्त से 31 अगस्त तक श्वेतांबर जैन समाज और 31 अगस्त से 9 सितंबर तक दिगंबर जैन समाज के प्रारंभ हो रहे पर्वाधिराज पर्व में पर्व की आराधना स्थल पर साफ-सफाई एवं बिजली व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था की चर्चा की गई। साथ ही पर्वाधिराज पर्यूषण पर्व के प्रारंभ और समापन पर नगरीय क्षेत्र की मांस की दुकानों को बंद रखने की मांग की गई।
जिस पर नगरपालिका अध्यक्ष ने सभी सामाजिक बंधुओं को नपा की ओर से पर्वाधिराज पर्व की शुभकामनायें देते हुए पर्यूषण पर्व पर साफ-सफाई, लाईट और पेयजल की व्यवस्था के साथ ही 24 व 31 अगस्त एवं 9 सितंबर को नगरीय क्षेत्र में मांस की दुकानों को बंद करने के नपा अधिकारी को निर्देश दिये। साथ ही सभी मांस विक्रेताओं से अपील कर कहा कि हमें एक-दूसरे को सभी धर्मों व भावनाओं का सम्मान करना चाहिए जिसका सायंकाल पालन होता भी दिखाई दिया। शाम से ही पर्यूषण पर्व के प्रारंभ और समापन दिवस पर मांस की दुकानों को बंद करने की मुनादी नगरपालिका द्वारा करवाई गई। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सुरजीतसिंह ठाकुर सहित नपा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष अजय लूनिया ने बताया कि नपाध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीतसिंह ठाकुर से 24 अगस्त से 31 अगस्त तक श्वेतांबर जैन समाज और 31 अगस्त से 9 सितंबर तक दिगंबर जैन समाज के प्रारंभ हो रहे पर्वाधिराज पर्व में पर्व की आराधना स्थल पर साफ-सफाई एवं बिजली व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था की चर्चा की गई। साथ ही पर्वाधिराज पर्यूषण पर्व के प्रारंभ और समापन पर नगरीय क्षेत्र की मांस की दुकानों को बंद रखने को लेकर नपाध्यक्ष से चर्चा की गई। जिसे गंभीरता से लेते हुए मांसाहार की दुकानों को बंद रखने की नपा द्वारा मुनादी भी करवा दी गई है।









































