पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित एवं अवैध रूप से खड़े होकर यातायात बाधित कर रहे वाहनों पर पुलिस के द्वारा कार्यवाही कर समझाइस देने का कार्य किया गया। यह कार्यवाही पुलिस प्रशासन के द्वारा दीनदयाल चौक से नेहरू चौक के मध्य मुख्य मार्ग पर भ्रमण कर किया गया। तो वहीं डायल ११२ एवं पुलिस वाहन के माध्यम से विभिन्न सडक़ों का भ्रमण कर लोगों को समझाइस दी जाती रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर में कहीं भी कभी भी नगरवासी सहित ट्रांसपोर्ट संचालकों के द्वारा छोटे बड़े सभी प्रकार के वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। इसमें कुछ वाहन थोड़ी देर खड़े रहते हैं तो कुछ लंबे समय तक खड़े रहते हैं और कई बार दुर्घटनाएं एवं यातायात भी बाधित होता है। ऐसे में बढ़ते सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए वारासिवनी पुलिस के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी पवन यादव के नेतृत्व में नगर के विभिन्न सडक़ों का भ्रमण कर किया गया। जिसमें नेहरू चौक ,जय स्तंभ चौक, सहित अन्य स्थानों पर अनियंत्रित एवं अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहन पर चालानी कार्यवाही की गई। तो वहीं निजी वाहन चालकों को समझाइस भी दी जाती रही। इसी के साथ नगर के रामपायली रोड, बालाघाट रोड ,लालबर्रा रोड ,कटंगी रोड पर डायल ११२ एवं पुलिस वाहन के द्वारा भ्रमण कर माइक के माध्यम से वाहनों को हटाने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान लोगों को समझाइस देने के साथ ही अगली बार कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई। इस कार्यवाही के दौरान देखने में आया कि माल वाहक वाहनों पर हुई कार्यवाही के चलते नगर के विभिन्न स्थानों पर मालवाहक वाहन मालिकों में हडक़ंप मच गया। जो अपने वाहनों को स्वयं ही हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया तो वही नगर के मुख्य मार्ग से सभी माल वाहक वाहन कुछ समय के लिए नदारत नजर आयें। इसी के साथ मार्ग किनारे निवासरत लोगों के द्वारा सडक़ या डिवाइडर के पास वाहन को खड़े नही करने के लिए समझाइस दी जाती रही। इस प्रकार पुलिस प्रशासन के द्वारा पूरे नगर का भ्रमण कर दुर्घटना की संभावनाओं को समाप्त करने के प्रयास के साथ करीब आधा दर्जन वाहनों पर चालानी कार्यवाही भी की गई। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।
६ वाहनों पर की चालानी कार्यवाही बाकि को समझाइस दी-पवन यादव
थाना प्रभारी पवन यादव ने बताया कि आज यह रूटीन प्रकिया के तहत पूरे नगर का भ्रमण किया गया है। इसमें यह जो नेहरू चौक के आसपास और मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से वाहन लगाए जाते हैं। जिस कारण से मार्ग में यातायात बाधित होता है वहीं किसी भी समय सडक़ पर वाहनों को खड़ा कर लोडिंग अनलोडिंग की जाती है। ऐसे वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई है वहीं अन्य वाहन मालिकों को ऐसे स्थान पर वाहन खड़ा ना करने के लिए समझाइस दी गई है की उनके वाहन खड़े करने से आवागवन बाधित ना हो। इस दौरान ६ वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई है और यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। ताकि नगर के विभिन्न स्थानों पर यातायात बाधित नही हो दुर्घटना की स्थिति ना बने।










































