प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बढने के बाद पुन: कम होती जा रही है। बुधवार को जांच कराने वालों में चार प्रतिशत संक्रमित मिले थे, जबकि शुक्रवार को यह दर दो प्रतिशत ही रही। प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ते हुए बुधवार को 312 तक पहुंचने के बाद बाद फिर कम हुई है। शनिवार को 7053 सैंपलों की जांच में 140 मरीज मिले हैं,जबकि 113 स्वस्थ हुए हैं। राहत की दूसरी बात यह है शुक्रवार को सिर्फ 12 जिलों में ही कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि इसी हफ्ते कई बार ऐसी स्थिति बनी थी जब 15 से 20 जिले में हर दिन मरीज मिले हैं। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में 1435 सक्रिय मरीज थे। इनमें शुक्रवार 113 मरीज स्वस्थ हो गए। इसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 1322 होनी चाहिए, लेकिन हेल्थ बुलेटिन में सक्रिय मरीजों की संख्या 788 ही बताई गई। इस लिहाज से शुक्रवार को 647 मरीज स्वस्थ हुए। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी अब 788 रह गई है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी रिपोर्ट देखने के बाद वस्तुस्थिति बताने की बात कह रहे हैं। उधर प्रदेश में 15 जुलाई से 18 साल से ऊपर के लोगों को सरकारी अस्पतालों में कोरोनारोधी टीका की सतर्कता डोज नि:शुल्क लगाई जा रही है। इसके पहले भी सिर्फ 60 साल से ऊपर के लोगों, स्वास्थ्यकर्मी एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क सतर्कता डोज लगाई जा रही थी। राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. संतोश शुक्ला ने बताया कि अभी 31 लाख लोगों को सतर्कता डोज लगाई जा चुकी है। मौजूदा स्थिति में पांच करोड़ 37 लाख लोग इसके लिए पात्र थे। यानी पांच करोड़ छह लोगों को यह डोज लगाई जानी है।









































