Haryana Unlocks : हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण के घटते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन से संबंधित नियमों में और ढील देने का फैसला किया है। सरकार ने 1 सितंबर से राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में चौथी और पांचवीं तक के छात्रों को फिर से स्कूल आने और पढ़ाई शुरु करने को मंजूरी दे दी है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान छात्रों को सरकार द्वारा जारी सभी कोरोना गाइडाइंस का सख्ती से पालन करना होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल आने वाले छात्रों के लिए मानक प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए क्लास लगाई जाएंगी। इन क्लास के छात्रों को गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार अपने माता-पिता की अनुमति के साथ स्कूल आने की इजाजत होगी।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में कोविड की स्थिति अब नियंत्रण में है, इस वजह से स्कूलों को फिर से खोलने के लिए सभी तैयारी कर ली गई है। हालांकि, राज्य छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलाना जारी रखेगा। बता दें कि राज्य में कक्षा 9-12 के छात्रों के लिए 16 जुलाई से और कक्षा 6-8 के लिए 23 जुलाई से खोले जा चुके हैं।
कोरोना की स्थिति
इस बीच, हरियाणा में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 15 नए मामले आए, जिन्हें मिलाकर अबतक राज्य में 7,70,395 लोगों के महामारी की चपेट में आने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, पिछले 24 घंटे के दौरान एक मरीज की मौत कोविड-19 से हुई है। इसके साथ ही अबतक राज्य में कुल 9,670 लोगों की जान संक्रमण की वजह से जा चुकी है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान साइबर सिटी गुरुग्राम में एक कोविड-19 मरीज की मौत दर्ज की गई है। वहीं, यमुनानगर, कैथल और पलवल में संक्रमण के दो-दो नए मामले सामने आए हैं।










































