जोधपुर। प्रेम प्रसंग से नाराज एक महिला के भाइयों ने प्रेमी युवक के नाक कान काट दिए। मामला जोधपुर संभाग के बाड़मेर जिले के सिणधरी क्षेत्र का है। गंभीर हालत में युवक के परिजन उपचार के लिए उसे अस्पताल लेकर गए। जानकारी के अनुसार, जोधपुर संभाग के बाड़मेर जिले से सिणधरी क्षेत्र के भटाला गांव में स्कूल से लौट रहे एक शिक्षक के प्रेम प्रसंग में नाराज महिला के भाई ने उसके नाक और कान काट दिए। आरोप है कि यह शिक्षक कुछ समय पूर्व एक महिला को भगा ले गया था उसके बाद से महिला के परिजन इस पर हमला करने का मौका तलाश रहे थे।
आरजीटी थानाधिकारी महेंद्र सीरवी ने बताया कि सिणधरी उपखंड के भटाला गांव में कार्यरत एक शिक्षक का गांव की ही एक महिला से प्रेम हो गया। इसका पता चलने पर महिला के परिजनों के साथ उसका कई बार विवाद भी हुआ। इस बीच यह शिक्षक उस महिला को भगा ले गया। महिला को भगा ले जाने से परिजनों का आक्रोश बढ़ गया, जिसके बाद मौका पाकर महिला के भाई और उसके दोस्तों ने स्कूल से लौटते समय शिक्षक को सुनसान स्थान पर रोका और मारपीट की। उन्होंने शिक्षक का नाक काटने के साथ ही दोनों कान भी काट दिए।