एक वाहन के लिए 25 लाख रुपये दिए गए
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। फायर फाइटर वाहन खरीदने के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने प्रदेश के नौ निकायों को एक करोड़ 60 लाख रुपये आवंटित किए हैं। एक वाहन के लिए 25 लाख रुपये दिए गए हैं, जिसमें 75 प्रतिशत राज्यांश है।
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज श्रीवास्तव ने बताया कि शहडोल जिले की नगर परिषद ब्यौहारी, बुढ़ार, बड़वानी की शाहपुर, रायसेन की उदयपुरा, रीवा की गुढ़ एवं गोविंदगढ़ और उमरिया जिले की चंदिया नगर परिषद को राशि दी गई है। प्रत्येक परिषद को 18 लाख 75 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। नगर परिषद जयसिंह नगर को पहली किस्त के रूप में 12 लाख 83 हजार 520 रुपये और नगर परिषद पाली जिला उमरिया को द्वितीय किस्त के रूप में 15 लाख 91 हजार 480 रुपये आवंटित किए गए हैं।
नगर पालिका नरसिंहपुर के सहायक यंत्री अभिषेक शिवहरे निलंबित
समयसीमा में काम नहीं करने पर आयुक्त नगरीय प्रशासन ने नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के सहायक यंत्री अभिषेक शिवहरे को निलंबित कर दिया है। शिवहरे पर बिना स्वीकृति के कार्यालय से अनुपस्थित रहने का भी आरोप है। निलंबन अवधि में शिवहरे का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास कार्यालय जबलपुर रहेगा।










































