एकलव्य आदर्श छात्रावास की छात्राओं के 11 जनवरी 2022 को फुड पाईजनिंग के कारण बीमार होने की घटना को गंभीरता लेते हुए कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने एकलव्य आदर्श आवासीय छात्रावास बैहर की अधीक्षक ललिता धुर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मिनेश कुमार लानगे की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के लिए जबलपुर संभाग को कमिश्नर को प्रस्ताव भेजा गया है।
11 जनवरी को हुई घटना के संबंध में बैहर एसडीएम तन्मय वशिष्ट शर्मा द्वारा जांच करने पर पाया गया कि अधीक्षिका द्वारा छात्रावास में छात्राओं को कच्चा, जला हुआ एवं कम मात्रा में नाश्ता दिया जाता है।
छात्रावास मे शुद्ध पेयजल भी नहीं मिल रहा था छात्राओं को दूध माह में चार-पांच दिन ही दिया जाता था।
छात्राओं को मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था। छात्रावास अधीक्षक ललिता धुर्वे द्वारा छात्रावास की छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने एवं अपने कर्त्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के कारण उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड अधिकारी बैहर रखा गया है।
इसी प्रकार विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री लानगे द्वारा एक दिन भी छात्रावास का निरीक्षण नहीं करने एवं वहां की व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं देने के कारण उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने का प्रस्ताव जबलपुर संभाग के कमिश्नर को भेजा गया है।










































