अगर आप फेसबुक का इस्तेमाल करते हैं तो ‘एंजिल प्रिया’ को तो जानते ही होंगे। ज्यादातर फेक आईडीज इसी नाम से होती हैं। लोग फेक आईडी से यूजर्स को अपनी बातों के जाल में फंसाते है। लेकिन इंदौर की एक महिला ने फेक आईडी बनाकर अपने पति की हरकतों को उजागर किया।
महिला ने फेसबुक पर ‘एंजिल शर्मा’ के नाम से आईडी बनाई। इस आईडी से पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। लड़की की रिक्वेस्ट देख पति ने एक्सेप्ट कर ली। महिला ने उससे चैटिंग शुरू की। पति अश्लील मैसेज भेजने लगा। उसने सारी हदें पार कर दीं। महिला ने पूरी चैट के स्क्रीनशॉट ले लिए। सारे सबूतों के साथ पीड़िता जनसुनवाई में पुलिस के पास पहुंची। यहां से एरोड्रम थाने जाने का कह दिया।
पीड़िता ने घरवालों के कहने पर अधिक उम्र के व्यक्ति से शादी की थी। दस साल से ज्यादा शादी को निभाया भी। लेकिन पति दवाओं और नशीली चीजों का सेवन कर ज्यादती करने लगा। विरोध करने पर पीटने लगा। पीड़िता को उसके चरित्र पर भी संदेह था जो सही साबित हुआ।
पीड़िता ने क्या बताया…
पति तीन साल पहले ही छोड़ कर चले गए हैं। वो नागपुर में रहते हैं। उनके चरित्र पर मुझे डाउट था। दो साल पहले उन पर नजर रखने के लिए एंजिल शर्मा के नाम से फेक आईडी बनाई थी। पहले पति ने मुझे हाय-हेलो के मैसेज किए। बाद में खुद के अश्लील वीडियो-फोटो भेजने लगा।
पति मुझसे 15 साल बड़े
पीड़ित ने बताया कि पति एयरपोर्ट पर जॉब करते हैं। दो साल पहले तक इंदौर एयरपोर्ट पर ही पदस्थ थे। बाद में उन्होंने नागपुर ट्रांसफर करवा लिया। पिता की जगह उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। 2007 में उनसे अरेंज मैरिज हुई थी। उम्र में करीब 10 से 15 साल बड़े होने के बावजूद घरवालों के कहने पर मैंने शादी की थी। पति दवाई लेकर, नशीली चीजों का सेवन कर जबर्दस्ती करते थे। मैं मना करती थी या रोकती थी तो मारते-पीटते थे। इस वजह से मैंने तीन साल पहले उनके खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था।