सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर दोस्त बनाए लेकिन संभलकर करें। फेसबुक पर चैट करते समय सावधानी बरतना जरुरी है, क्योंकि बाद में परेशानी गले पड़ जाती है, जब हम बहुत व्यक्तिगत जानकारियां दे देते हैं या उस अनजान पर भरोसा कर उससे मिलने किसी सुनसान जगह चले जाते हैं। बीते दिनों राजधानी में ऐसे केसेज भी देखने को मिले, जिसमें अधेड़ उम्र के पुरुषों ने फेसबुक पर महिला मित्र से दोस्ती की और वीडियो कॉल पर उसके कहे अनुसार हरकतें की। बाद में महिला ने उनका वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये हड़प लिए। कई किशोरियां, युवतियां भी प्रेमी की बातों में आकर आनलाइन ऐसी हरकतें कर बैठती हैं, जो बाद में उनके लिए शर्मिंदगी, ब्लैकमेलिंग का कारण बनती हैं। इसलिए बेहतर है कि फेसबुक पर दोस्ती करने के पहले कुछ बातों का खास ख्याल रखें। नए लोगों को जोड़ने से पहले उनकी वॉल को अच्छी तरह देखें, समझें। कई लोग प्रोफाइल फोटो में हीरो-हीरोइन, मॉडल या प्राकृतिक दृश्यों का फोटो लगाते हैं। कभी भी खुद की कोई फोटो शेयर नहीं करते। ऐसे लोगों से कभी न जुड़ें। जो लोग अपने ढेर सारे फोटो डालते हैं, परिवार के साथ फोटो डालते हैं, अपनी गतिविधियों की जानकारी, विचार फेसबुक पर खुल कर रखते हैं, उनसे दोस्ती की जा सकती है। अगर फेसबुक पर किसी से बहुत अच्छी दोस्ती हो गई है और आप लोगों को लगता है कि मुलाकात करनी चाहिए, जान-पहचान बढ़ानी चाहिए तो सामने वाले से किसी सार्वजनिक जगह पर ही मिलें। शुरुआती 3-4 मुलाकातों में उसकी जानकारी ले लें। जब लगे कि सामने वाला भरोसे के काबिल है, तो दोस्ती आगे बढ़ा सकते हैं। कभी भी, किसी के भी कहने पर अपने कपड़े आनलाइन न उतारें, न वीडियो काल पर कोई ऐसी-वैसी हरकत करें। अनजान लोगों से वीडियो काल पर बात न करें। अगर सामने वाला जोर दे, तो अपने कैमरे पर अंगुली रख कर उसे बंद करें, फिर कॉल उठाएं, ताकि वो आपका वीडियो बनाकर आपको ब्लैकमेल न कर सके। कई लोग दोस्ती करने के बाद रात 12 बजे आपको हाय, हेलो भेजते हैं। ऐसे लोगों को जवाब न दें, क्योंकि यह समय किसी अनजान से चैट करने के लिए बिल्कुल नहीं हैं और जो लोग रात को चैट करते हैं, मतलब उनमें बेसिक मैनर्स नहीं हैं कि कितने बजे किसी से चैट करना चाहिए। ऐसे लोगों को अगर आपने जवाब दे दिया, तो यह फिर आपसे गलत बातें भी कर सकते हैं।









































