नगर मुख्यालय से लगभग १० किमी. दूर कटंगी मार्ग पर स्थित मरेरा के पुल के पास २७ अक्टूबर को शाम ५ बजे बाईक अनियंत्रित होने से बाईक में सवार तीन लोग घायल हो गये, जिनका उपचार लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरपार कटंगी निवासी ५० वर्षीय रामदास मसराम अपने बेटे २२ वर्षीय चंद्रकुमार मसराम एवं चिरचिरा बरघाट निवासी ३५ वर्षीय श्रीमती सुकवंतीबाई धुर्वे के साथ मोटरसाइकिल में २६ अक्टूबर को अपने रिस्तेदार के घर बोरी आये थे और २७ अक्टूबर को शाम ५ बजे अपने गृह ग्राम सिरपार कटंगी जा रहे थे तभी मरेरा स्थित पुल के पास अचानक बकरी आ गई जिसे बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई जिससे मोटरसाइकिल में सवार तीनों घायल हो गये। जिसके बाद आसपास स्थित लोगों ने दौड़कर उन्हे उठाया और एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी जिसके बाद एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाकर भर्ती किया गया जहां चिकित्सक के द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से सिरपार कटंगी निवासी ५० वर्षीय रामदास मसराम, २२ वर्षीय चंद्रकुमार मसराम, चिरचिरा बरघाट निवासी ३५ वर्षीय श्रीमती सुकवंतीबाई धुर्वे को हाथ, पैर व शरीर में अंदुरूनी चोटे आई है जिनका लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार जारी है।










































