बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने आज 23 सितम्बर को जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर शिवगोविंद मरकाम, बैहर एसडीएम तन्मय वशिष्ट शर्मा, संयुक्त कलेक्टर सतीश प्रधान, वारासिवनी, बालाघाट, किरनापुर एवं लांजी के एसडीएम, सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने बैठक में राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं आगे बढक़र राजस्व के कार्यों को करें। यह इंतजार ना करें कि कोई व्यक्ति राजस्व संबंधी प्रकरणों में कोई शिकायत लेकर आयेगा तभी कार्यवाही की जायेगी। सभी अधिकारी प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें। लोग हमारे पास काम के लिए आये यह अपेक्षा न करें बल्कि हमें स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और निराकरण करने का प्रयास करना है। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने सबसे सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करें और उनकी शिकायतों के निराकरण मे संतुष्टि 50 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए। राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती दर्ज करने के प्रकरणों का समय सीमा में तत्परता के साथ निराकरण करेंगें तो सीएम हेल्पलाईन में आने वाले प्रकरणों की संख्या निश्चित रूप से कम होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अविवादित बंटवारा, नामांकन, सीमांकन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। बैठक में सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने रीडर के कार्यो पर कड़ी निगरानी रखें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनके द्वारा हाल के दिनों के विभिन्न एसडीएम एवं तहसील कार्यालयों का निरीक्षण किया गया है। लेकिन सभी स्थानों पर अभिलेखों का संधारण संतोषजनक नहीं पाया गया है और राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति भी खराब पायी गई है। लालबर्रा तहसील कार्यालय में राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं अभिलेखों के संधारण की स्थिति अत्यंत ही खराब पायी गई है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों के संधारण एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिये। उन्होंने परसवाड़ा तहसील के निरीक्षण के दौरान वहां की स्थिति अच्छी पाये जाने पर तहसीलदार नितिन कुमार चौधरी की प्रशंसा भी की।
01 अक्टूबर से राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण का अभियान चलेगा
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि जिले में राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण के लिए आगामी 01 अक्टूबर से अभियान प्रारंभ किया जायेगा। इस अभियान में जिन लोगों के राजस्व संबंधी खसरे, नक्शे, पावती में नाम आदि की त्रुटि है उसे दुरूस्त करने का कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही धारणाधिकार के अभियान को भी आगे बढ़ाना है। सभी राजस्व अधिकारी इन अभियानों के लिए तैयारी कर लें। सभी राजस्व अधिकारी ध्यान रखें कि आरबीसी-6-4 के प्रकरण भुगतान के लिए लंबित न रहें। जिन लोगों एवं भू-माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया है उसे सख्ती से हटाने की कार्यवाही करें और सभी अकिारी रिपोर्ट प्रस्तुत करें उनके द्वारा इतने रकबे से अतिक्रमण हटाया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि जिन अपात्र लोगो को वितरित हो गई है वह राशि वापस लेने का प्रयास करें। इनमें जो शासकीय कर्मचारी है, उनके द्वारा राशि वापस नहीं करने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही के लिए प्रस्ताव भेजें। ऐसे शासकीय कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी 27 सितम्बर को कोविड वैक्सीन टीकाकरण महा अभियान को सफल बनाने के लिए तत्परता के साथ कार्य करें। सभी अधिकारियों ने 17 सितम्बर के टीकाकरण महा अभियान में अच्छा काम किया है। ऐसी ही जरूरत 27 सितम्बर को भी काम करने की है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के टीकाकरण केन्द्रों का भ्रमण कर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र के राईस मिलर्स से धान की कस्टम मिलिंग का कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिये। इसके लिए मिलर्स की बैठक लेकर अनुबंध के अनुसार मिलिंग का कार्य कराने कहा गया। सभी राजस्व अधिकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का कड़ी निगरानी रखें और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्यवाही करें। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए रोको-टोको अभियान का प्रभावी क्रियाव्नयन करें और कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर भी जुर्माने की कार्यवाही करें।










































