बीजेपी ने लगाया बुराड़ी फिटनेस सेंटर में घोटाले का आरोप

0

राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक घमासान लगातार ही बढ़ता जा रहा है। दोनों ही पार्टियां लगातार एक-दूसरे पर हमलावर होकर आरोप-प्रत्यारोप लगाती रहती हैं। इसी कड़ी के दिल्ली बीजेपी ने अब बुराड़ी फिटनेस सेंटर में वाहनों के फिटनेस और ऑटो ड्राईवरों के प्रशिक्षण के नाम पर घोटाले का आरोप लगाते हुए दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के इस्तीफे की मांग की है। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के बुराड़ी वाहन फिटनेस सेंटर में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की शह पर बड़ा घोटाला चल रहा है। बीजेपी का आरोप है कि इस सेंटर पर केवल एक इंस्पेक्टर के जरिए प्रतिदिन 400 के करीब वाहनों को सर्टिफिकेट जारी किया जा रहा है। जाहिर है कि जांच के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा है, जिसकी आड़ में केवल पैसे की लेनदेन कर प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं। आरोप है कि इसके माध्यम से करोड़ों की कमाई की जा रही है। बीजेपी ने इस मामले में लापरवाही बरतने के लिए परिवहन मंत्री का इस्तीफा मांगा है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली के टैक्सी एवं छोटे कमर्शियल वाहनों का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किया जाता है। रोजाना 400 से 500 वाहन चालक बुराड़ी फिटनेस सर्टिफिकेट लेने आते हैं। लेकिन आरोप है कि परिवहन मंत्री के इशारे पर केवल पैसे लेकर सर्टिफिकेट जारी कर दिए जाते हैं। एक वाहन मालिक से सर्टिफिकेट के लिए 1500-2000 रुपये तक लिए जाने के आरोप हैं। वाहनों की कोई जांच नहीं होती और इससे दिल्ली में हादसों की संभावनाएं बढ़ती हैं, जिसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ती है। पार्टी ने इस घोटाले को रोकने के लिए उपराज्यपाल से कड़ी जांच की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here