बुट्टा ह. में ग्वालवंशियों ने गाय खिलाकर लिया गोवर्धन भगवान का आशीर्वाद

0

नगर मुख्यालय से लगभग १५ किमी. दूर ग्राम पंचायत बुट्टा हजारी खिल्या मुठिया देव स्थान आखर चौक में २७ अक्टूबर को धार्मिक आस्था व धूमधाम से गाय खिलावन की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर ग्राम के सभी ग्रामीणजन अपने-अपने मवेशियों के साथ खिल्या मुठिया चौक पहुंचे जहां अहिर व गोवारी समाज के स्वजातीय बंधुओं ने विधि-विधान से पूजा अर्चन कर विभिन्न व्यंजनों से तैयार भोज को गौमाता को भोग लगाया तत्पश्चात गाय खिलावन की रस्म अदा की गई और नौनिहालों को सुपे में लिटाकर गोबर का तिलकवंदन कर गोवर्धन भगवान का आशीर्वाद दिलवाया गया। चर्चा में ग्राम पंचायत बुट्टा ह. के पूर्व उपसरपंच लक्ष्मीनारायण झंझाडे ने बताया कि आज ही के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने इन्द्रदेव के प्रकोप से बचाने के लिए संपूर्ण गोवर्धन पर्वत को अपनी एक अंगुली में उठाकर संपूर्ण ग्वालवंशों व गायों की रक्षा की थी। तभी से प्रतिवर्ष दीपावली पर्व के ५ वें दिन गोवर्धन भगवान की पूजा अर्चना कर गाय खिलावन की रस्म अदा की जाती है परन्तु इस वर्ष गोवर्धन पूजा के दिन सूर्य ग्रहण होने के कारण २६ अक्टूबर को गोवर्धन पर्व मनाया गया एवं २७ अक्टूबर को परंपरा का निर्वहन करते हुए ग्राम बुट्टा ह. के खिल्या मुठिया चौक में धार्मिक मान्यतानुसार गाय खिलावन की रस्म अदा की गई और गांव की खुशहाली व सुख-समृध्दि हेतु प्रतिवर्ष यह पूजा की जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here