बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग पर स्थित बिरसोला चौक के आगे हायर सेकेण्डरी के समीप बेलगाम मेटाडोर की टक्कर से मोटरसाइकिल में सवार एक युवक की मौत हो गई एवं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा उस समय घटित हुआ जब बिरसोला निवासी २२ वर्षीय अंकित पिता नारायण उइके अपने एक साथी ४० वर्षीय रविशंकर उइके के साथ मोटरसाइकिल में बालाघाट की ओर से अपने ग्राम बिरसोला आ रहे थे तभी रविवार की शाम ७ बजे लालबर्रा से बालाघाट की ओर जा रहे ४०७ मेटाडोर के चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए बिरसोला चौक के आगे मोटरसाइकिल को जबरदस्त टक्कर मारकर बिरसोला व लवादा के बीच स्थित टोल प्लाजा को तोड़ते हुए फरार हो गया। इस सड़क हादसे में बिरसोला निवासी २२ वर्षीय अंकित उइके की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी है एवं ग्राम सूर्या सेरवी थाना लामता निवासी ४० वर्षीय रविशंकर घटरे गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। बेलगाम मेटाडोर की टक्कर से अंकित उइके की मौत होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणजनों ने चालक व वाहन मालिक को घटना स्थल पर बुलाने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर बिरसोला चौक में चक्काजाम कर दिया साथ ही लवादा टोल प्लाजा में तोड-फोड़ कर आग के हवाले कर दिया। टोल प्लाजा में पदस्थ कर्मचारी आक्रोशित ग्रामीणजनों को देखते हुए वह से भाग गये नही तो उनके साथ ही अप्रिय घटना घटित हो सकती थी, इस तोड़-फोड़ व आगजनी से टोल-प्लाजा में लाखो रूपये की क्षति हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरसोला निवासी अंकित उइके के पिताजी मजदूरी करते है जो मजदूरी करने नागपुर गये हुए है और सूर्यासेरवी निवासी रविशंकर घटरे का ससुराल बिरसोला का है जो अपनी पत्नि व बच्चों के साथ बिरसोला आया है और २६ मार्च को अंकित के साथ सूर्यासेरवी गांव मोटरसाइकिल से गये थ जहां से शाम ७ बजे मोटरसाइकिल से वापस बिरसोला आ रहे थे तभी लालबर्रा की ओर से जा रहे ४०७ मेटाडोर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से टक्कर मार दिया जिससे अंकित की घटना स्थल पर ही मौत हो गई एवं रविशंकर घटरे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी लगने के बाद तत्काल १०८ वाहन व पुलिस को सूचना दी गई और घायल को एम्बुलेंस वाहन से जिला चिकित्सालय भेजा गया एवं पुलिस भी घटना स्थल पहुंच गई, वहीं मेटाडोर चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। घटना घटित होने के बाद ग्रामीणजनों की भीड़ लग गई और उनका आक्रोश बढ़ गया कि मेटाडोर चालक की लापरवाही के कारण हादसा घटित हुआ है जिसके बाद उन्होने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया जिसके बाद पुलिस प्रशासन के द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया गया परन्तु वे नही माने और ४०७ मेटाडोर के चालक व मालिक को घटना स्थल पर बुलाने की मांग पर आड़े रहे। ग्रामीणजनों के द्वारा बिरसोला चौक में चक्काजाम कर देने के कारण मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया एवं मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन करने में परेशानी भी हुई। साथ ही बिरसोला व लवादा के बीच स्थित टोल प्लाजा में गुणवत्तापूर्ण सीसीटीव्ही कैमरे नही होने, राशि वसूलने के बाद भी घटना कारित वाहन को नही रोके जाने से आक्रोशित ग्रामीणजनों ने टोल प्लाजा में तोड़-फोड़ कर आग लगी दी जिससे टोल प्लाजा भी जल चुका है। ग्रामीणजनों के द्वारा चक्काजाम व टोल प्लाजा में आग लगा देने की जानकारी पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को लगने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर भी घटना स्थल पहुंचे एवं वारासिवनी, बालाघाट से पुलिस बल बुलाया गया और श्री डाबर के द्वारा आक्रोशित ग्रामीणजनों को समझाने का प्रयास किया गया परन्तु वे नही माने और वे अपनी मांगों पर अड़े है एवं समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणजनों का चक्काजाम व विरोध प्रदर्शन जारी है।










































