नगर मुख्यालय से लगे गर्रा स्थित बॉटनिकल गार्डन में उस वक्त हंगामा मच गया जब कुछ लुटेरे युवक नदी किनारे के रास्ते से आकर पार्क में बैठे कुछ युगलों को धमकाकर उनसे पैसों व मोबाइल की लूट करने लगे।
इसी दौरान चार लुटेरे युवकों ने गार्डन में अपने मित्र का इंतजार कर रहे एक युवक पर हमला बोलते हुए उससे 5 हजार रु की मांग की, वहीं पैसे ना देने पर उसका गला दबाकर उसके पर्स में रखे हजार रु निकाल लिए और उसका मोबाइल छीन कर भागने लगे ।
उधर शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे गार्डन के चौकीदारों ने लुटेरों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, जहां चार लुटेरों में से तीन लुटेरे युवक प्रार्थी का मोबाइल और पर्स छीनकर भागने में कामयाब हो गए,
लेकिन चौकीदारों ने एक लुटेरे युवक को पकड़ लिया। जिसे वारासिवनी पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस की गिरफ्त में लुटेरे आरोपी युवक का नाम शंकर नगर वार्ड नंबर 32 निवासी विशाल परते बताया गया है।
जिसे गिरफ्तार कर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।वही उसके साथ आए अन्य तीन लुटेरे आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोती नगर निवासी एक युवक अपने साथी मित्र के इंतजार में गार्डन में बैठा हुआ था ,तभी नदी किनारे के रास्ते से चार लुटेरे युवक बॉटनिकल गार्डन में घुसे, जिन्होंने उक्त युवक से नशा करने के लिए 5 हजार रु की मांग की। जब उक्त युवक ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो आरोपी युवकों ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया और उसकी जेब में रखे पर्स और हाथ में रखे मोबाइल को छीन कर फरार होने लगे, जिसपर युवक ने शोर मचाया जहां शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे चौकीदारों ने आरोपी विशाल परते को पकड़ लिया जबकि तीन अन्य युवक फरार हो गए ।
बताया जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी युवक ने अपने आप को बचाने के लिए कई बार अपना सर जमीन में पटका, वही कांटेदार झाड़ और सीमेंट कुर्सी में हाथ मार कर अपने आप को घायल कर लिया है।
बॉटनिकल गार्डन में लूट की वारदात को अंजाम देते पकड़ा गया आरोपी के मुताबिक उसके साथ एकोडी के तीन और साथी मादक प्रदार्थ गांजे का सेवन करने के लिए गार्डन में आए थे ,जो युवक का पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों में एकोडी निवासी रफीक खान, बबलू पटेल औऱ साबिर खान शामिल है। जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
जिनकी तलाश वारासिवनी पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।
गर्रा गार्डन प्रभारी नीतू गोस्वामी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गार्डन में लूटपाट की जानकारी मिल रही थी ।जिसपर गार्डन के सभी कर्मचारियों को अलर्ट किया गया था। आज भी एक ऐसी ही वारदात हुई जिसमें कुछ आरोपियों ने एक युवक के साथ लूटपाट की और उनका पर्स व मोबाईल छीनकर फरार हो गए ।जिसमें से एक आरोपी को घेराबंदी कर गार्डन के चौकीदारों द्वारा पकड़ा गया है जिसे डायल 100 की मदद से पुलिस के हवाले किया गया है।









































