प्रेम विवाह करने के बाद महिला को मतांतरण के लिए करीब 8 वर्ष से प्रताड़ित करने के मामले में करेली पुलिस ने आरोपित पति फारूख पिता पीर अली निवासी गणेश वार्ड को गिरफ्तार कर जेल भज दिया है। महिला ने बीते दिन पुलिस को आपबीती सुनाकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसमें उसने कहा था कि उसे पति, सास, ससुर द्वारा व्रत-त्योहार के दिन मांस पकाने कहा जाता है और मांस खिलाया जाता है। उसके साथ मारपीट कर पति ने तीन बार तलाक कहते हुए घर से निकाल दिया है।
24 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी दो बेटियां हैं। 21 जुलाई 2014 को फारूख और उसका प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के बाद फारूख ने कहा था कि तुम्हारा मतांतरण नहीं कराऊंगा लेकिन 10 दिन बाद ही पति व ससुर पीर अली, सास शहीदन बी शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देते हुए यह कहने लगे कि मतांतरण करना होगा, क्योंकि अब तक तुम मुस्लिम बन चुकी हो। साथ ही दहेज में 2 लाख रूपये की मांग की जाती रही। महिला ने बताया कि दो बेटियां होने से वह प्रताड़ना सहती रही। धर्म बदलने के दबाब के दौरान उसे हिंदू धर्म के व्रत-त्योहार के दिन मांस पकाने और खाने के लिए मजबूर किया जाता। 24 मार्च की रात 8 बजे जब वह ससुराल के पास की फुटवेयर की दुकान बंद कर रही थी। इसी दौरान पति व सास ने चरित्र संदेह का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों बच्चे भी मेरे नहीं हैं।
पति ने तीन बार तलाक कहकर हलाला करवाने की बात कही। साथ ही सास व पति ने मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। पति ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि या तो अपना मतांतरण कर ले या फिर मायके से दो लाख रूपये लेकर आ तभी घर में आने दिया जाएगा।
महिला की शिकायत पर पति, सास-ससुर के खिलाफ मामला कायम किया गया है। आरोपित पति फारूख को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है। प्रकरण में आगे जांच की जा रही है।










































