ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने क्वीन्सलैंड में सन 2018 में समुद्र तट पर 24 साल की ऑस्ट्रेलियाई महिला की हत्या कर भारत भाग जाने वाले भारतीय चिकित्सा सहायक को पकड़ने में मदद करने वाले को 10 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है। क्वीन्सलैंड पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि टोया कॉर्डिंगली 21 अक्टूबर 2018 को केयर्न्स से 40 किलोमीटर दूर वांगेटी बीच पर अपने कुत्ते को घुमा रही थीं तभी उनकी हत्या कर दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार इनिसफेल में कार्यरत नर्स राजविंदर सिंह (38) मामले में प्रमुख संदिग्ध है। वह कॉर्डिंगली की हत्या के 2 दिन बाद देश से चला गया और अपनी पत्नी तथा तीन बच्चों को यहीं छोड़ गया। सिंह मूल रूप से पंजाब के बुत्तर कलां का रहने वाला है। क्वीन्सलैंड पुलिस ने अब सिंह की तलाश में उसकी मदद करने वाले नागरिक को 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर देने की पेशकश की है। क्वीन्सलैंड पुलिस द्वारा यह अब तक के सबसे बड़े इनाम की पेशकश है।
एजेंसी की अधिकारी सोनिया स्मिथ ने कहा कि यह अनोखा इनाम होगा। स्मिथ ने बताया कि सिंह की अंतिम लोकेशन भारत में पाई गई है। उन्होंने बताया कि केयर्न्स में एक पुलिस टीम गठित की है, जो कि हिंदी और पंजाबी भाषा जानती है। ये ऑफिसर्स भारत से सिंह की व्हाट्सएप्प की माध्यम से जानकारी देने वाले किसी भी भाषा को समझ सकते हैं। वहीं पुलिस मंत्री मार्क रयान ने मीडिया को बताया है कि हम जानते हैं कि लोग इस व्यक्ति को जानते हैं, वे जानते हैं कि यह व्यक्ति कहां है और हम उन लोगों से सही काम करने के लिए कह रहे हैं।
वहीं, उपायुक्त ट्रेसी लिनफोर्ड ने अपने एक बयान में कहा है कि इस व्यक्ति पर बहुत ही जघन्य अपराध का आरोप है, एक ऐसा अपराध जिसने एक परिवार को तोड़ दिया है। यह पहली बार है जब क्वींसलैंड में 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के शुरुआती इनाम की पेशकश की गई है।










































