मालवा-निमाड़ (नईदुनिया टीम)। अंचल के कई जिलों में गुरुवार-शुक्रवार को कहीं तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि मावठे से गेहूं-चने की फसलों को फायदा है। जबकि कपास को नुकसान की आशंका जताई गई है।
झाबुआ जिले में गुरुवार शाम 7 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 1 घंटे तक बारिश हुए। कृषि उपसंचालक नगीन रावत ने बताया कि गेहूं-चने की फसलों को फायदा है। सामान्य बारिश हुई है। नुकसानी को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
उज्जैन शहर और जिले में गुरुवार को कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई थी। शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। फसल नुकसानी जैसी शिकायत सामने नहीं आई है। नीमच जिले में गुरुवार को सुबह से ही बारिश जारी रही गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात भी हल्की बारिश होती रही जिले में शुक्रवार सुबह कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई है दिन भर बादल छाए रहे।
खरगोन जिले में शुक्रवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। किसान इस बारिश को गेहूं और चने की फसल के लिए लाभदायक बता रहे है। क्योंकि इस वर्ष कम बरिश के कारण अधिकांश किसान पर्याप्त पानी होने से गेहूं के स्थान पर चने की बोवनी कर रहे हैं।
मंदसौर जिले में शुक्रवार को भी बादल छाए रहे। कुछ जगह बूंदाबांदी हुई। अभी फसलों की बोवनी हुई है तो किसान गुरुवार को हुई बरसात को अच्छा बता रहे हैं। खेतों में नमी रहने से अंकुरण अच्छा होगा। 20 नवंबर को दोपहर तक बादल छंटने की उम्मीद है।
बड़वानी। जिले के पांच विकासखंडों में गुरुवार को हुई बारिश से कपास व मिर्च की फसल प्रभावित हुई है। गुरुवार को बड;वानी में 29 मिलीमीटर, पाटी में 26, अंजड; 18, पानसेमल में 25 और वरला में करीब 15 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष मंसाराम पंचोली ने बताया कि बेमौसम बारिश से कपास व मिर्च की फसल प्रभावित हुई है। शासन से सर्वे कर मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
खंडवा में रात को कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। दिन में बादल छाए हैं, जिससे धूप भी नहीं निकली। रात का तापमान 13.4 डिग्री तक पहुंच गया था जो अब 17 डिग्री तक आ गया है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सौरभ गुप्ता के अनुसार बादलों के कारण चने में इल्ली की समस्या होती है। जिस पर दवाई किसानों को बताई गई है। सामान्य बारिश होगी तो भी फसल को नुकसान नहीं। बल्कि एक पानी देने की आवश्यकता पूरी हो जाएगी। बुरहानपुर में रात में हल्की बारिश हुई। दिनभर छाए रहे बादल। सुबह छाया कोहरा। बदले मौसम के कारण अंचल में फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।










































