युवक मीटर में सेटिंग कर, समस्या का कर रहे थे समाधान.

0

बिजली चोरी रोकने के भले ही विद्युत विभाग अधिकारी लाख दावे करें या चोरी रोकने के लिए नई-नई योजनाओं को अमल में लाएं लेकिन विद्युत चोर,विभागीय अधिकारियों से चार कदम आगे हैं । जो बिजली चोरी के नए-नए हथकंडे अपना कर शासन को लाखों रुपए की चपत लगा रहे हैं। यह बिजली चोर ना सिर्फ बालाघाट नगर में बल्कि उनका गैंग पूरे जिले में फैला हुआ है जो मीटर देखकर 5000 से 10000 रु लेकर विद्युत मीटर में ऐसी जबरदस्त सेटिंग करते हैं कि खुद विद्युत विभाग के अधिकारी भी उनकी सेटिंग को नहीं पकड़ पाते। एक ऐसे ही बिजली चोर गिरोह के दो सदस्यों को विद्युत विभाग अधिकारियों की टीम ने मीटर सेटिंग करते हुए रंगेहाथ पकड़ा है । योजनाबद्ध तरीके से पकड़े गए युवको में मोती नगर निवासी 38 वर्षीय सिराज पिता आशफ अली और भामोडी निवासी 34 वर्षीय दुर्गा प्रसाद पिता मूलचंद कटरे के नाम का समावेश है। जिन्हे विद्युत अधिकारियों की टीम ने रंगे हाथ पकड़ कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया है। जहां कोतवाली पुलिस ने विद्युत मीटर सेटिंग में के आरोप में पकड़ाए दोनों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। जिसमें पुलिस ,युवकों की गैंग का पता लगाने में जुट चुकी है।

योजनाबद्ध तरीके से पकड़ाए आरोपी
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से विद्युत विभाग अधिकारियों को लगातार सूचना मिल रही थी कि जिले में एक गिरोह सक्रिय है जो 5 से 10 हजार रु लेकर विद्युत मीटर में सेटिंग करते हैं। जिससे उपभोक्ता को काफी कम बिजली बिल आता है। जिस पर विभागीय अधिकारी कर्मचारी इस गैंग की तलाश में थे । बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग सहायक अभियंता हुकुमचंद यादव को कहीं से विद्युत चोर गिरोह के एक सदस्य का मोबाइल नंबर मिला जिस पर श्री यादव ने गिरोह के सदस्य से संपर्क कर विद्युत मीटर में सेटिंग करने की बात कही जिस पर गिरोह के सदस्य मान गए । जिसकी सूचना सहायक अभियंता ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जहां वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया । जहा डील के अनुसार आज शनिवार को गिरोह के सदस्य सहायक अभियंता के घर पहुंचे ।जिन्होंने मीटर में सेटिंग कर रीडिंग लोड को कम कर दिया। जिससे घर मे लगा ऐसी और गीजर का लोड तुरंत कम हो गया। जहां गैंग के सदस्यों ने उनकी इस तकनीक से ऐसी और गीजर का लोड कम करने का डेमो भी दिया। जिसके मीटर डिवाइस में सेटिंग करते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बनाई गई टीम ने गैंग के दोनों सदस्यों को पकड़ लिया। जिन्होंने तुरंत मौके पर पुलिस बुलाकर उन्हें कोतवाली पुलिस के हवाले किया है।

खुद अधिकारियों के पल्ले नहीं पड़ी, कि इतनी तगड़ी सेटिंग
बताया जा रहा है कि विद्युत चोर गैंग के इन दोनों सदस्यों ने बिजली खपत का लोड कम करने के लिए विद्युत मीटर के पास लगी डिवाइस में इतनी तगड़ी सेटिंग की, कि वह सेटिंग खुद अधिकारी के पल्ले नहीं पड़ी । बताया जा रहा है कि इस गैंग का पर्दाफाश करने के लिए बनाई गई टीम ने इस पूरे ऑपरेशन की वीडियो रिकॉर्डिंग की है जहां अधिकारियों की यह टीम बार-बार उस वीडियो को देख देख कर यह समझने का प्रयास कर रही है कि बिजली चोर गिरोह के सदस्यों ने आखिर कौन सी तकनीक अपनाकर विद्युत खपत लोड कम किया है ।

जबलपुर के किसी आसिफ इंजीनियर का नाम आ रहा सामने
इस पूरे मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों पर कार्यवाही करने के लिए विद्युत विभाग अधिकारियों ने कोतवाली में लिखित आवेदन दिया है। जहां दोनों सदस्यों पर एफ आई आर दर्ज कर उनकी गैंग का खुलासा करने का विभागीय अधिकारियों ने पुलिस से अनुरोध किया है।जहां शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट चुकी है हालांकि अभी तक गैंग में शामिल गिरोह के सदस्यों का खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन आरोपियों ने विद्युत विभाग अधिकारियों को जबलपुर के किसी आसिफ इजीनियर का नाम बताया है जानकारी के अनुसार जबलपुर से आसिफ इंजीनियर को बुलाकर मीटर की सेटिंग करने का युवकों द्वारा दावा किया जाता था और इंजीनियर का नाम बता कर ही आरोपी उपभोक्ताओं से मीटर सेटिंग के नाम पर मोटी रकम वसूल करते थे। हालांकि आरोपियों का जबलपुर के आसिफ इंजीनियर से क्या कनेक्शन है, वह गैंग का सदस्य है या नहीं।क्या आसिफ इंजीनियर की ही यह पूरी गैंग है और इस गैंग ने कितने और किन-किन घरों में विद्युत मीटर की सेटिंग की है इसकी पूछताछ आरोपियों से की जा रही है ।

टीम मे इनका समावेश
विद्युत मीटर में सेटिंग कर खपत लोड कम करने का काम करने वाले विद्युत चोर गिरोह को पकड़ने के लिए कार्यपालन अभियंता रवि गुप्ता ,अधीक्षण अभियंता एम ए. कुरैशी के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया था जिसमें सहायक अभियंता एचपी यादव ,कनिष्ठ अभियंता नीलेश तिवारी, संदीप सहारे, स्टॉप जितेंद्र समरित, चंद्र प्रकाश पटले, कांतिलाल लिल्हारे और श्रवण यादव का प्रमुख रूप से टीम में समावेश रहा। जिन्होंने योजनाबद्ध तरीके से गैंग के सदस्यों को अपनी बातों में उलझा कर उनसे स्वयं अपने घर का विद्युत मीटर सेट करा कर लाइव डेमो के साथ उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार किया है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here