जिले के मुलताई कस्बे में स्थित गांधी वार्ड में बुधवार रात बीच सड़क पर युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे जो आरंभिक कारण पुलिस बता रही है, उसमें युवती द्वारा आरोपित के आडियो और वीडियो को लेकर लगातार उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस ने आशंका जताई है कि इसी से परेशान होकर आरोपित ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपित युवक की शादी भी तय हो गई थी और युवती द्वारा शादी रुकवाने के लिए धमकी दी जा रही थी।मुलताई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांधी वार्ड में पुराने बैरियर नाका मार्ग पर सिमरन शेख पिता अफजल शेख 26 वर्ष की लाश पड़ी मिली। मृतका के गले पर धारदार हथियार से जख्म के निशान हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर मुलताई निवासी सनीफ उम्र 26 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ की। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी रात में ही मुलताई पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।










































