रविवार को गायखुरी स्थित रानी अवंतीबाई मंगल भवन में आयोजित लोधी समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री बीएल वर्मा शामिल हुए। एक कार्यक्रम में शिरकत करने दिल्ली से नागपुर पहुंचे राज्य मंत्री श्री वर्मा बालाघाट में आयोजित लोधी समाज के कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह के बाद राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने सर्किट हाऊस में सहकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। आपको बता दें कि राज्य मंत्री बीएल वर्मा बालाघाट पहली बार पहुंचे। इससे पहले रानी अवंतीबाई मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए रामगढ़ और मंडला की वीरों की भूमि में भी कार्यक्रम रखने की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी कुरीतियां जो समाज को आगे बढऩे से रोकती हैं, उन्हें रोकने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में लोग आपस में बहुत लड़ते-झगड़ते हैं। छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई होती है। 90 फीसदी समस्याओं का कोई मतलब नहीं होता और लोग कोर्ट-कचहरी चले जाते हैं।
सर्किट हाऊस में विभागीय बैठक के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान जब राज्य मंत्री से सागर जिले में धान खरीदी केंद्र में धान के नाम पर भूसा भरे जाने और हजारों बोरियां जब्त होने के सवाल पर उन्होंने इसकी जानकारी न होने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो ये काम कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। किसानों द्वारा पलारी जलाने या गन्ने का उचित समर्थन मूल्य न मिल पाने के सवाल पर राज्य मंत्री ने कहा कि गन्ने का उचित मूल्य देना राज्य सरकार का विषय है। प्रदेश में कितना मूल्य है, उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार गन्ना किसानों को अच्छा रेट दे रही है। किसानों को जल्दी पेमेंट हो इसकी भी व्यवस्था की है।










































