नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी के अंतर्गत आने वाली ग्राम रामजीटोला में श्री शिव शक्ति सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के द्वारा विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विराजित कर गणेशोत्सव पर्व आस्थापूर्वक एवं धूमधाम से मनाया जा रहा है। गणेशोत्सव पर्व के अवसर पर सोमवार की शाम ७ बजे डीजे की धून पर प्रतिमा स्थल से कलशों की शोभायात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, राधा, श्रीकृष्ण, भगवान शंकर, माता पार्वती, रूखमणी, भारत माता, मॉ काली, शेर, वानर सेना की जीवंत झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। यह कलश यात्रा ग्राम रामजीटोला, पांढरवानी ग्राम का भ्रमण करते हुए श्रीगणेश प्रतिमा स्थल पहुंची जिसके बाद भगवान श्रीगणेश की महाआरती की गई तत्पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया। चर्चा में श्री शिव शक्ति सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति अध्यक्ष दीपक कावरे ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गणेशोत्सव पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है और रोजाना श्रध्दालुजनों के द्वारा लंबोदर महाराज की आराधना की जा रही है साथ ही यह भी बताया कि ५ सितंबर की शाम ७ बजे प्रतिमा स्थल से कलशों की शोभायात्रा डीजे के धुन पर निकाली गई जो रामजीटोला व पांढरवानी का भ्रमण करते हुए वापस रामजीटोला पहुंची, इस कलश यात्रा में भगवानों की जीवंत झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। श्री कावरे ने बताया कि १० दिवसीय पर्व समापन होने के बाद भी वर्षभर विघ्नहर्ता भगवान गजानन महाराज रामजीटोला के हर युवाओं के दिल में बसे रहते है साथ ही यह भी बताया कि पर्व के अवसर पर प्रतिदिन सुबह-रात ८ बजे आरती की जाती है एवं विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जा रहे है।










































