रामेश्वर शर्मा ने अपनी सरकार को विधानसभा में घेरा, नगरीय प्रशासन पर दागे सवाल, मंत्री ने दिया जवाब

0

भोपाल: एमपी विधानसभा में सोमवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अपनी ही सरकार के खिलाफ आवाज उठाते दिखे। उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग को जमकर खरी-खोटी सुनाई। रामेश्वर शर्मा ने शहर में खराब यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने नई ई-बसों को उन इलाकों में चलाने की मांग की, जहां बसों की सुविधा नहीं है। इस पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उनकी मांगों पर ध्यान देने का आश्वासन दिया।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने सदन में कहा कि भोपाल लगातार बढ़ रहा है। शहर से दूर कॉलेज, अस्पताल और फैक्ट्रियां बन रही हैं। यहां हजारों छात्र और मजदूर आते-जाते हैं लेकिन उनके लिए यातायात के साधन ठीक नहीं हैं।

केंद्र से मिलने वाली है सैकडों बसें

विधायक ने सदन को यह भी बताया कि सीहोर, मंडीदीप, राजगढ़, पीलूखेड़ी, बैरसिया, सांची, भोजपुर जैसी जगहों पर बसें नहीं जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार 100 ई-पीएम इलेक्ट्रिक बसें दे रही है। इनमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बसों से यातायात में सुधार होगा लेकिन इनका संचालन पहले जैसा नहीं होना चाहिए। इसमें सुधार किया जाना चाहिए।

नगरीय विकास मंत्री ने दिया आश्वासन

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोपाल को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाया जा रहा है। इसलिए जो नई ई-बसें आने वाली हैं, उन्हें इन रास्तों पर चलाया जाना चाहिए। इस पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इन इलाकों में परिवहन की व्यवस्था की जाएगी और इसके लिए योजना बनाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here