पुलिस महानिरीक्षक संजय सिंह के स्थानांतरण के बाद ललित शाक्यवार ने बालाघाट रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। 4 फरवरी को उन्होंने रेंज के पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। नव नियुक्त आईजी ललित शाक्यवार ने कहा कि बालाघाट उनके लिए नया जिला नहीं है। उन्होंने वर्ष 2011 में बालाघाट में डिप्टी कमांडेंट के रूप में भी सेवाएं दी हैं, जिससे वे जिले की भौगोलिक, सामाजिक और पुलिसिंग से जुड़ी परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि पुराने अनुभव के आधार पर वे यहां बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे। मीडिया से बातचीत में आईजी शाक्यवार ने जिले में पहले से चल रहे पुलिस के नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी सीनियर आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची के तहत बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार का स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल में पुलिस आयुक्त के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी ललित शाक्यवार को बालाघाट रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। ललित शाक्यवार ने 4 फरवरी को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद आईजी ललित शाक्यवार ने विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की और इसके पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे इससे पूर्व भी वर्ष 2011 में बालाघाट जिले में डिप्टी कमांडेंट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, जिससे वे जिले की भौगोलिक स्थिति, सामाजिक परिवेश और सुरक्षा चुनौतियों से भली-भांति परिचित हैं। अपने सेवा अनुभव के बारे में जानकारी देते हुए आईजी शाक्यवार ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक के रूप में सिवनी, कटनी, मुरैना और छतरपुर जिलों में कार्य किया है। इसके बाद पदोन्नति प्राप्त कर वे डीआईजी के रूप में छतरपुर रेंज में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब पदोन्नति के बाद उन्हें बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे मूल रूप से ग्वालियर, मध्य प्रदेश के निवासी हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूर्व पुलिस महानिरीक्षक एवं वर्तमान भोपाल पुलिस आयुक्त संजय सिंह द्वारा बालाघाट रेंज में किए गए सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से नक्सलवाद के खिलाफ किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि बालाघाट को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। भविष्य में इस तरह की विचारधाराओं को पनपने से रोकने के लिए और अधिक समन्वित प्रयास किए जाएंगे, जिसमें पुलिस के साथ-साथ समाज का सहयोग भी आवश्यक है।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
आईजी ललित शाक्यवार ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच मजबूत और विश्वासपूर्ण संबंध होना अत्यंत आवश्यक है। आम नागरिक बिना भय के थानों में अपनी बात रख सकें, यह पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता के बीच रहकर मित्रवत व्यवहार के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे छोटी-छोटी समस्याएं गंभीर अपराध में परिवर्तित होने से पहले ही सुलझाई जा सकें।
बालाघाट शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी
आईजी शाक्यवार ने बालाघाट जिले को शिक्षित जिला बताते हुए कहा कि यहां के युवा आज देश के विभिन्न हिस्सों में उच्च प्रशासनिक पदों पर कार्यरत हैं, जो जिले के बेहतर शैक्षणिक स्तर को दर्शाता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को भी कोई समस्या, शिकायत या सुझाव हो, तो वे सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रख सकते हैं।








































