विराट सोशल मीडिया से दूर रहकर अपने खेल पर ध्यान दें : अख्तर

0

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम के बाद अब पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली का बचाव किया है। विराट लंबे समय से फार्म में नहीं हैं , ऐसे में उन्हें टीम से बाहर किये जाने की मांग की जा रही है। अख्तर ने विराट को बाहर किये जाने की मांग करने वालों को आड़े हाथों लिया है। इसके साथ ही विराट को सलाह दी है कि वो कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूर रहकर अपने खेल पर ध्यान दें। अख्तर ने विराट को लेकर एक वीडियो भी साझा किया है। इसमें विराट की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि 70 शतक लगाना कोई हंसी खेल नहीं है। कोई महान क्रिकेटर ही यह कर सकता है। किसी सामान्य खिलाड़ी के लिए ऐसा करना संभव नहीं है। साथ ही कहा कि विराट को कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। अख्तर ने महान ऑलराउंडर कपिल देव के विराट को हटाये जाने के बयान पर कहा कि कपिल स्वयं खुद महान खिलाड़ी रहे हैं, इसलिए अगर उनकी ऐसी राय है तो वो कह सकते हैं, पर मुझे लगता है कि 70 शतक लगाने वाले खिलाड़ी को एकदम से बाहर नहीं किया जा सकता।
अख्तर ने साथ ही विराट से कहा , अब आपको कप्तान के तौर पर अपने कार्यकाल को भूलना चाहिये। इससे आगे बढ़ें और एक अच्छे बल्लेबाज के तौर पर खेलने का प्रयास करें। आप रन नहीं बना पर रहे तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस दौरान होने वाली आलोचना से आप बेहतर होकर ही उभरेंगे। मुझे उम्मीद है कि अभी आप 30 शतक और लगायेंगे। मेरा मानना है कि अभी आप युवा होने के साथ ही फिट भी है , इसलिए सौ से ज्यादा शतक भी लगा सकते हैं।
अख्तर ने बताया कि कोहली रन बनाने के लिए जल्दबाजी कर रहे हैं। इसी वजह से वो विकेट गंवा रहे हैं इसकी जगह उन्हें क्रीज पर समय बिताना चाहिये। इसके बाद रन अपने आप बनने लगेंगे। आपको किसी भी गेंदबाज से डरने की जगह अपने खेल पर ध्यान देना चाहिये। इस कठिन समय में निराश होने की जगह आपको संयम रखते हुए खेलना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here